घरघोड़ा। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा उपकोषालय में रिश्वतखोरी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने पूरे प्रशासनिक तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि उपकोषालय में पदस्थ अधिकारी मुकेश नायक ने एक महिला कर्मचारी से मेडिकल बिल पास कराने के एवज में रिश्वत की मांग की और अंततः 5000 रुपये वसूल लिए।

इस संबंध में की गई शिकायत के मुताबिक, शिकायतकर्ता राजेश कुमार पटनायक ने बताया कि उनकी पत्नी सिम्मी पटनायक (सहायक ग्रेड-03) ने सिजेरियन डिलीवरी के बाद 44,425 रुपये का मेडिकल क्लेम प्रस्तुत किया था। इस दौरान बिल पास करने के लिए संबंधित अधिकारी ने 20 प्रतिशत कमीशन की मांग की।

शिकायत के मुताबिक, पहले 10,000 रुपये की मांग की गई, जिसे बाद में 8000 रुपये तक कम किया गया और अंततः दबाव बनाकर 5000 रुपये ले लिए गए। खास बात यह है कि यह लेन-देन डिजिटल माध्यम से किया गया। आरोप है कि व्हाट्सएप के जरिए नंबर भेजकर फोनपे के माध्यम से राशि ट्रांसफर कराई गई, जिसके बैंक स्टेटमेंट, चैट और कॉल रिकॉर्डिंग जैसे सबूत भी मौजूद बताए जा रहे हैं। सूत्रों का यह भी दावा है कि क्षेत्र के विभिन्न विभागों में बिल पास कराने के लिए कमीशन लेने की यह प्रथा आम हो चुकी है।

See also  Chhattisgarh Police: छत्तीसगढ़ पुलिस के 181 अफसर-सिपाहियों को दक्षता पदक, बस्तर के एडिशनल डीजीपी विवेकानंद सहित 3 एसपी के नाम, देखें पदक सूची

इस मामले की शिकायत और पीड़ित के पास तमाम सबूतों के चलते माना जा रहा है कि संबंधित अफसर के खिलाफ जल्द ही विभागीय कार्रवाई होगी।