अंबिकापुर में आज दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। शहर के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले राम मंदिर रोड स्थित मुकेश प्लास्टिक नामक होलसेल दुकान में भीषण आग लग गई। इस दुकान में न केवल प्लास्टिक का सामान था, बल्कि भारी मात्रा में पटाखों का भी भंडारण था, जिसके कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।

धमाकों से गूंजा इलाका

आग दोपहर लगभग 12 बजे लगी। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी दो मंजिला बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान के भीतर रखे पटाखों में आग लगने के बाद रुक-रुक कर हो रहे जोरदार धमाकों से पूरा इलाका गूंज उठा है। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की 3 टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। आग इतनी भीषण है कि दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार देखा जा रहा है।

See also  सरकार ने पूरा किया एक और वादा: तीर्थयात्रा योजना फिर से शुरू, सीएम साय ने दिखाई हरी झंडी

घनी आबादी और बिजली के तारों का खतरा

बता दें कि राम मंदिर रोड एक संकरा और रिहायशी इलाका है। स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है कि दुकान के ऊपर से गुजर रहे बिजली के हाई-वोल्टेज तार आग की गर्मी से टूट सकते हैं, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली काट दी गई है।

लाखों का नुकसान, कारण अज्ञात

गौरतलब है कि इस दुकान में प्लास्टिक के होलसेल सामानों के साथ लाखों रुपये के पटाखे रखे हुए थे, जो पूरी तरह जलकर खाक हो चुके हैं। फिलहाल प्राथमिकता आग को आसपास के घरों और दुकानों में फैलने से रोकने की है। आग लगने की सही वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती कयास शॉर्ट सर्किट के लगाए जा रहे हैं।