टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से फिलहाल कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए डराने वाली चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अधिकतम तापमान में अभी 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है।

विशेष रूप से 25 से 27 अप्रैल के बीच मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हीटवेव (लू) चलने का पूर्वानुमान है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। राजनांदगांव 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला बना हुआ है, जबकि राजधानी रायपुर में भी शुक्रवार को पारा 44 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, विदर्भ से दक्षिण भारत तक बनी ट्रफ लाइन और चक्रवाती हवाओं के प्रभाव से आ रही शुष्क हवाएं प्रदेश को तपा रही हैं।

तपती दोपहर में राहत के लिए व्यापम ने बदला परीक्षाओं का समय

चिलचिलाती धूप और लू के खतरे को देखते हुए बिलासपुर में व्यापम की आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अभ्यर्थियों को हीटवेव से बचाने के लिए अब दोपहर 12 बजे के बजाय सभी परीक्षाएं सुबह 10 बजे से आयोजित की जाएंगी।

See also  बड़ी खबरः हो सकती है किसी बड़े अधिकारी की गिरफ्तारी

इस फैसले के तहत 26 अप्रैल को मंडी बोर्ड उप निरीक्षक, 14 मई को एसएससी नर्सिंग व पीईटी, और 21 मई को होने वाली पीपीएचटी परीक्षा अब सुबह की पाली में संपन्न होगी। शासन का यह कदम छात्रों को दोपहर की भीषण तपन से बचाने के लिए उठाया गया है ताकि परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने में उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

अगले 48 घंटे भारी: हल्की बारिश के आसार पर गर्मी से नहीं मिलेगी निजात

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों के बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बूंदाबांदी और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, विशेषज्ञों ने साफ किया है कि इस संभावित बारिश से तापमान में कोई स्थाई गिरावट नहीं आएगी और अलग-अलग स्थानों पर लू का प्रकोप लगातार बना रह सकता है।

रायपुर में न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे रातें भी गर्म होंगी। विभाग ने नागरिकों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बेवजह घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीते रहने की सलाह जारी की है।

See also  डीएलएड प्रथम और डीएड द्वितीय वर्ष के परिणाम घोषित, पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन 16 से