सूरजपुर। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के पस्ता गांव में चोरी के शक में युवक को अमानवीय ‘तालीबानी सजा’ दिए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों का जुलूस निकालकर पुलिस ने सख्त संदेश दिया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
पिछले दिनों कल्याणपुर निवासी युवक रहमान ताज को पस्ता गांव बुलाकर उस पर सोलर के सामग्रियों चोरी का आरोप लगाया गया। इसके बाद आरोपियों ने उसका आधा सिर मुंडवाया, गले में जूते-चप्पल की माला के साथ चोर की तख्ती लटकाई और पूरे गांव में घुमाया। इतना ही नहीं, इस दौरान उसकी पत्नी को भी साथ में घुमाकर बेइज्जत किया गया।
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों द्वारा पति-पत्नी के साथ मारपीट भी की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर सख्त संदेश दिया है।



