टीआरपी डेस्क। अमेरिका से एक बेहद डराने वाली खबर सामने आई है। वॉशिंगटन के मशहूर हिल्टन होटल में चल रहे ‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर’ के दौरान अचानक फायरिंग होने से हड़कंप मच गया। बता दें कि जिस वक्त गोलियां चलीं, उस समय हॉल में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी मौजूद थे। सीक्रेट सर्विस ने तुरंत मोर्चा संभाला और राष्ट्रपति को सुरक्षित बाहर निकाला।

सुरक्षा घेरा तोड़ अंदर घुसा हमलावर

दरअसल, यह कार्यक्रम पत्रकारों द्वारा आयोजित एक सालाना डिनर था, जिसमें ट्रंप पहली बार बतौर राष्ट्रपति शामिल हुए थे। गौरतलब है कि सुरक्षा की इतनी कड़ी व्यवस्था के बावजूद हमलावर होटल के भीतर हथियार लेकर कैसे पहुंचा, यह एक बड़ा सवाल है। हमलावर की उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। संदिग्ध शख्स कैलिफोर्निया का रहने वाला है। एफबीआई (FBI) फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है।

ट्रंप ने ट्रुथ पर किया पोस्ट: सीक्रेट सर्विस की तारीफ

घटना के तुरंत बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर एक पोस्ट साझा किया। ट्रंप ने खुद के सुरक्षित होने की पुष्टि की है और सीक्रेट सर्विस के काम की सराहना की है। उन्होंने लिखा कि हमलावर गिरफ्त में है और यह कार्यक्रम 30 दिनों के भीतर दोबारा आयोजित किया जाएगा। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

See also  राहुल गांधी से चर्चा में नोबल विजेता अभिजीत बोले- लोगों को आर्थिक मदद दें सरकार, कर्ज भी माफ करें, तभी अर्थव्यवस्था में आएगी तेजी

40 साल पुराना इतिहास दोहराने की कोशिश?

यह हमला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि इसी होटल में करीब 40 साल पहले तत्कालीन राष्ट्रपति पर जानलेवा हमला हुआ था। दरअसल, इसे राष्ट्रपति की सुरक्षा में एक बड़ी चूक माना जा रहा है। अब सवाल यह उठ रहे हैं कि क्या ट्रंप ही सीधे निशाने पर थे? राष्ट्रपति अब से कुछ ही देर में व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी स्थिति साफ करेंगे। फिलहाल पूरे वॉशिंगटन में अलर्ट जारी कर दिया गया है।