नई दिल्ली/कोलकाता। पश्चिम बंगाल में आज सत्ता की अंतिम जंग छिड़ी है। दूसरे और आखिरी चरण के मतदान के दौरान कई जिलों से भारी हिंसा और झड़प की खबरें आ रही हैं। दक्षिण 24 परगना के बसंती में भाजपा उम्मीदवार की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई है, वहीं नादिया में भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

बसंती में BJP प्रत्याशी पर हमला, गूंजे जय बांग्ला के नारे

बता दें कि दक्षिण 24 परगना के बसंती इलाके में बूथ नंबर 76 का दौरा करने पहुंचे भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार पर हमला हुआ है। विकास सरदार का आरोप है कि हमलावरों ने न केवल उनके वाहन को निशाना बनाया, बल्कि उनके सुरक्षाकर्मियों से हथियार छीनने की भी कोशिश की।

विकास सरदार ने मीडिया से बातचीत में अपना दर्द साझा करते हुए कहा उन्होंने मुझे बुरी तरह पीटा और ‘जय बांग्ला’ के नारे लगाते हुए गाली-गलौज की। जब एक उम्मीदवार ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता कैसे निडर होकर वोट डालेगी?

नादिया में अंधेरे का फायदा उठाकर हमला

वहीं नादिया जिले के शांतिपुर विधानसभा क्षेत्र में भी माहौल गर्माया हुआ है। वार्ड नंबर 16 (स्टीमर घाट) में बूथ नंबर 221 पर बने भाजपा के चुनावी कैंप को निशाना बनाया गया है। आरोप है कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाशों ने कैंप में तोड़फोड़ की, जिससे सुबह वोटिंग शुरू होने से पहले ही इलाके में दहशत फैल गई।

See also  Shraddha Murder Case: श्रद्धा मर्डर केस में आया नया मोड़, वारदात से पहले झगड़े का मिला ऑडियो सबूत

दूसरे चरण का पूरा गणित: 142 सीटों पर महासंग्राम

गौरतलब है कि आज बंगाल के 8 जिलों की 142 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। कुल 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत आज EVM में कैद हो जाएगी। बता दें कि 23 अप्रैल को हुए पहले चरण (152 सीटें) में 92% से ज्यादा रिकॉर्ड मतदान हुआ था। आज कोलकाता, हावड़ा, नादिया और उत्तर-दक्षिण 24 परगना जैसे अहम जिलों में वोटिंग हो रही है।

चुनौतीपूर्ण हालात और प्रशासन का दावा

हंगामे और हिंसा की खबरों के बीच चुनाव आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। संवेदनशील इलाकों में CRPF की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं। हालांकि, जिस तरह से उम्मीदवारों को निशाना बनाया जा रहा है, उसने प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल फ्लैग मार्च कर रहा है।