टीआरपी डेस्क। पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं, छह पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं। हादसा सुबह करीब 3:15 बजे हुआ, जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। आशंका जताई जा रही है कि दूसरी मंजिल पर स्थित एक एसी यूनिट में विस्फोट होने के कारण आग भड़की और देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
मृतकों में एक ही परिवार के कई सदस्य शामिल
इस हादसे में 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है। बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रॉनिक लॉक सिस्टम और संकरी सीढ़ियां होने के कारण लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके। इमारत के पीछे वाले फ्लैट्स में रहने वाले लोग सबसे अधिक प्रभावित हुए, जहां धुएं के कारण दम घुटने से कई मौतें हुईं। मृतकों में एक ही परिवार के कई सदस्य शामिल हैं, जो अलग-अलग मंजिलों पर रहते थे।
दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची
दमकल विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है ताकि मलबे में किसी और के दबे होने की आशंका को दूर किया जा सके। फॉरेंसिक टीम आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इमारत में अग्नि सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है ताकि लापरवाही का पता लगाया जा सके।


