सरगुजा। अंबिकापुर के मैनपाट में भ्रष्ट तंत्र का एक नया कारनामा सामने आया, जिसे देखकर ग्रामीण भी दंग रह गए हैं। दरअसल यहां के कदनाई इलाके में ‘पीएम जनमन योजना’ के तहत लाखों की लागत से बनाई गई सड़क बनने के चंद घंटों बाद ही उखाड़ने लगी है। सड़क निर्माण कार्य इतना घटिया है कि डामर सहित निर्माण सामग्री हाथ में आ गई।

मैनपाट के ग्राम कदनाई से लोटाभवना को जोड़ने वाली 2.5 किलोमीटर की मुख्य सड़क कल ही बनी थी और आज उसकी डामर और गिट्टियां बाहर आ गई हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सड़क निर्माण कार्य में किस स्तर पर भ्रष्टाचार किया गया है। योजना के नाम पर सिर्फ खाना पूर्ति की गई है।

यहां मौजूद ग्रामीणों सीमा मिंज और जगेश्वर ने बताया कि किस तरह सड़क पर डामर की पतली परत बिछा दी गई है। जरा सा हाथ लगाने से ही डामर की परत उखड़ने लगती है। इससे इसकी गुणवत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

क्या है पीएम जनमन योजना..?
पीएम जनमन योजना, आदिवासी समुदाय के कल्याण के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य बुनियादी सुविधाओं और सेवाओं को सुनिश्चित करना है। इस योजना को प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान के नाम से भी जाना जाता है, इसका उद्देश्य कमजोर जनजातीय समूहों (PVTGs) के उत्थान के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा और सेवाएं प्रदान करना है।

ग्रामीणों ने खोला मोर्चा
केंद्र सरकार की इतनी महत्वपूर्ण योजना में अफसर-ठेकेदार मिलकर पलीता लगा रहे हैं। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि ठेकेदार और इंजीनियर ने मिलीभगत कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया है और सड़क निर्माण को मजाक बना दिया है। ग्रामीणों ने इस घटिया निर्माण के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।



