टीआरपी डेस्क। पंजाब के जालंधर में बीएसएफ हेडक्वार्टर और अमृतसर आर्मी कैंप के बाहर मंगलवार रात सीरियल ब्लास्ट हुए। जालंधर में पीएपी चौक के पास एक एक्टिवा के पास आईईडी धमाका किया गया, जबकि अमृतसर के खासा आर्मी कैंप पर बाइक सवार नकाबपोशों ने ग्रेनेड फेंका। इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन सेना की दीवार और टीन शेड को नुकसान पहुंचा है।

खालिस्तान लिबरेशन आर्मी ने ली जिम्मेदारी

खालिस्तान लिबरेशन आर्मी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इन धमाकों की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में बॉर्डर रेंज के डीआईजी संदीप गोयल और उनके परिवार को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। यह धमकी मार्च 2026 में हुए आरोपी रणजीत सिंह के एनकाउंटर का बदला लेने के लिए दी गई है। पुलिस ने जालंधर से एक कूरियर बॉय को हिरासत में लिया है जिसकी गाड़ी के पास धमाका हुआ था।

राज्य भर में हाई अलर्ट जारी

वारदात उस समय हुई जब मुख्यमंत्री भगवंत मान के जालंधर दौरे की तैयारियां चल रही थीं। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक जालंधर में पैकेट रखते हुए दिखाई दिया है। राज्य भर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और फोरेंसिक टीमें साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। केंद्रीय एजेंसियां भी मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में शामिल हो गई हैं।

See also  IDFC First Bank Scam 590 Crore: सरकारी विभागों से हुआ बड़ा फ्रॉड, ED की एंट्री और 11 गिरफ्तार