तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने राज्य की सियासत में भूचाल ला दिया है। तमिल सुपरस्टार और तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख विजय ने बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से राजभवन में मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। इस बीच, कांग्रेस ने अपनी पुरानी सहयोगी DMK के साथ दशकों पुराना रिश्ता तोड़कर टीवीके को समर्थन देने का ऐतिहासिक फैसला किया है।

कांग्रेस का समर्थन और DMK से अलगाव

कांग्रेस ने लंबे समय से सहयोगी रही डीएमके से नाता तोड़कर विजय की टीवीके को समर्थन देने की घोषणा कर सबको चौंका दिया। तमिलनाडु कांग्रेस के प्रभारी गिरीश चोडानकर ने बताया कि पार्टी नेतृत्व (मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल) की सहमति के बाद यह निर्णय लिया गया है। इस घोषणा के बाद कांग्रेस मुख्यालय सत्यमूर्ति भवन में कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया।

बहुमत का गणित: अभी भी फासला बरकरार

तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों में सरकार बनाने के लिए जादुई आंकड़ा 118 है। चुनाव परिणामों के बाद स्थिति कुछ इस प्रकार है:

  • टीवीके (TVK): 108 सीटें
  • कांग्रेस: 05 सीटें
  • कुल (गठबंधन): 113 सीटें
See also  बिहार में नीतीश की नैया पार, 125 सीटों के साथ फिर बनेगी NDA सरकार

कांग्रेस के समर्थन के बावजूद विजय के नेतृत्व वाला यह संभावित गठबंधन बहुमत के आंकड़े (118) से 5 सीट दूर है। सरकार बनाने के लिए टीवीके को अब भी कम से कम पांच और विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होगी। राजनीतिक गलियारों में अब निर्दलीयों और छोटे दलों को साधने की कवायद तेज हो गई है।