रायपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य हिस्सों में मौसम के बदले स्वरूप ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई है। राजधानी रायपुर में मंगलवार शाम तेज अंधड़ के साथ हुई झमाझम बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।

राहत की बात यह है कि अब पूरे प्रदेश में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। मंगलवार को रायपुर 38.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधि जारी रहेगी। विशेष रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न चक्रवाती परिसंचरणों के प्रभाव से नमी आ रही है, जिससे बिजली गिरने और अंधड़ चलने की संभावना बनी हुई है। रायपुर में आज भी बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं, जिससे अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आसपास बना रहेगा।

See also  Third Wave of Corona Virus: WHO चेताया, अब भी लोग नहीं सुधरे तो दुनिया में आएगी कोरोना वायरस की तीसरी लहर