रायपुर। खम्हारडीह इलाके से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां लक्ष्य ज्वेलर्स में करीब 1 करोड़ रुपए के सोने और चांदी के जेवर पर चोरों ने हाथ साफ किए हैं। बटोर ले गए। शनिवार रात को दुकान बढ़ाकर कारोबारी अपने घर गए थे। रविवार को छुट्टी होने की वजह से दुकान बंद रही।
सोमवार की सुबह जब दुकान खोलने के लिए शटर उठाया गया, तो अंदर का नजारा देखकर सब दंग रह गए। ज्वेलरी के डिब्बे खाली पड़े थे और कीमती गहने गायब थे। कारोबारी ने तुरंत इसकी जानकारी खम्हारडीह थाना पुलिस को दी।
सूत्रों की मानें तो शनिवार और रविवार की रात करीब 12:30 बजे के आसपास चोरों ने दुकान में एंट्री की थी। चोरों को शायद पता था कि रविवार को दुकान नहीं खुलेगी, इसलिए उनके पास भागने के लिए पूरा एक दिन और एक रात का वक्त था।
वारदात की खबर मिलते ही खम्हारडीह पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। दुकान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को बारीकी से चेक किया जा रहा है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया है ताकि फिंगरप्रिंट्स और दूसरे सुराग जुटाए जा सकें। पुलिस अब दुकान के आसपास के इलाकों और चौक-चौराहों पर लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों के भागने का रास्ता पता चल सके।



