कवर्धा। जिले में महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी कार्य में अनियमितता की शिकायतें प्राप्त होने पर जांच उपरांत जिले के 6 सीएससी वीएलई आईडी निष्क्रिय की गई हैं। इनमें बोड़ला में 1, कवर्धा में 4 और पंडरिया में 1 सहित कुल 6 सीएससी आईडी शामिल हैं। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि महतारी वंदन योजना के ई केवायसी में किसी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं होगी और संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शिकायत के लिए जारी किया गया फोन नंबर

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी वीएलई द्वारा ई-केवाईसी के नाम पर राशि की मांग या किसी प्रकार की अनैतिक गतिविधि की जाती है, तो इसकी जानकारी सीएससी जिला प्रबंधक कबीरधाम महेंद्र साहू के मोबाइल नंबर 9630868510 पर दी जा सकती है, ताकि संबंधित के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जा सके।

त्रुटि सुधार के दिए गए आदेश

जिन हितग्राहियों के आधार विवरण में त्रुटियां पाई गई हैं, उनका सुधार परियोजना कार्यालय द्वारा 2 से 3 दिवस के भीतर कराया जा रहा है, जिसके बाद पुनः ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। वर्तमान में सर्वर संबंधी किसी प्रकार की समस्या नहीं है और जिले में लगभग 83 प्रतिशत हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य पूरा किया जा चुका है।

See also  जनता कांग्रेस को बड़ा झटका, प्रवक्ता इकबाल अहमद रिज़वी ने थामा कांग्रेस का हाथ

बता दें कि कबीरधाम जिला महतारी वंदन योजना ई-केवाईसी कार्य में पूरे छत्तीसगढ़ में तीसरे स्थान पर है। निर्धारित समय सीमा में शेष केवायसी पूर्ण करने के लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है।