टीआरपी डेस्क: अगर आप सोना खरीदने की योजना बना रहे थे, तो इस खबर को ध्यान से पढ़िए। मोदी सरकार के एक बड़े फैसले ने सर्राफा बाजार में हलचल मचा दी है। बुधवार को बाजार खुलते ही सोने और चांदी की कीमतों में ऐसी तेजी आई कि निवेशकों और आम ग्राहकों के होश उड़ गए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का दाम एक झटके में 11,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक उछल गया। वहीं, चांदी ने तो सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए 3 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार कर लिया है।

सरकार ने क्यों बढ़ाई इंपोर्ट ड्यूटी?

बाजार में आई इस धुआंधार तेजी की असल वजह है सरकार द्वारा ‘इंपोर्ट ड्यूटी’ में किया गया भारी इजाफा। मोदी सरकार ने सोने और चांदी पर लगने वाले आयात शुल्क को 6 फीसदी से सीधे बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया है। सरकार का मकसद विदेशों से आने वाले सोने की मात्रा कम करना और देश की विदेशी मुद्रा बचाना है। दरअसल, सोना मंगाने के लिए भारत को डॉलर में भुगतान करना पड़ता है, जिससे व्यापार घाटे (Trade Deficit) पर दबाव बढ़ता है।

See also  RSS…. तीन दिनों तक जैनम भवन के अंदर और न ही कोई बाहर जा पाएगा !

कीमतों का गणित: कितना महंगा हुआ सोना?

मंगलवार को सोना 1,53,442 रुपये पर बंद हुआ था। बुधवार सुबह कारोबार शुरू होते ही यह 1,64,497 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यानी सीधे तौर पर 11,055 रुपये की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। चांदी की रफ्तार भी बेकाबू रही। मंगलवार को चांदी करीब 2.79 लाख रुपये पर थी, जो बुधवार को 22,367 रुपये की लंबी छलांग लगाकर 3,01,429 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।

पीएम मोदी की अपील और मिडिल ईस्ट का संकट

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा के दौरान देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने की भावुक अपील की थी। उन्होंने मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध और वैश्विक संकट का हवाला देते हुए कहा था कि देश के हित में फिलहाल सोने की खरीदारी टालना जरूरी है। प्रधानमंत्री ने इसके पीछे विदेशी मुद्रा की बचत को मुख्य उद्देश्य बताया था।

सरकार के इस ताजा फैसले का सीधा असर शादियों के सीजन पर पड़ेगा। जो परिवार जेवर बनवाने की तैयारी में थे, उन्हें अब अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी होगी। बाजार जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में और भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

See also  सपा के राम गोपाल यादव का बड़ा बयान, ‘यादव सरनेम वाले 2000 कर्मचारियों को वोट डालने से रोका गया’