राजकोट/चोटिला: गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में बीती रात एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हो गया। चोटिला-राजकोट नेशनल हाईवे पर एक निजी लग्जरी बस और डामर से लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई। इस दर्दनाक हादसे में चार यात्रियों की बस के भीतर ही जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

टायर फटने से बिगड़ा बैलेंस

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा देर रात करीब 1:30 बजे खोलिया और संगानी गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि आगे चल रहे डामर से भरे ट्रक का अचानक टायर फट गया। रफ्तार तेज होने के कारण पीछे से आ रही निजी बस अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर लगते ही डामर और ईंधन के संपर्क में आने से बस में भयानक आग लग गई।

See also  देश में अब तक Black Fungus के कुल मामले 11,717 हुए, छत्तीसगढ़ में हैं 103... जानें अन्य राज्यों में हैं कितने मरीज

सोते समय आई मौत

डिप्टी कलेक्टर एच.टी. मकवाना ने बताया कि बस अहमदाबाद से राजकोट की ओर जा रही थी। हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। जैसे ही आग लगी, बस के भीतर भगदड़ मच गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। आसपास के लोगों और पुलिस ने खिड़कियां तोड़कर कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन चार बदनसीब यात्री आग की लपटों में घिर गए और उन्हें बचाया नहीं जा सका।

अस्पताल में घायलों की भारी भीड़

सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को तुरंत राजकोट के सिविल अस्पताल रेफर किया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चोटिला रेफरल अस्पताल भेजा गया है।

अधिकारियों ने लिया जायजा

डीएसपी एस.एस. भदौरिया ने बताया कि हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है कि क्या बस चालक की रफ्तार सीमा से अधिक थी। इस हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और अस्पताल में चीख-पुकार का माहौल है।

See also  छत्तीसगढ़ शासन ने सभी मनरेगा श्रमिकों को एकरूपता से मजदूरी भुगतान के लिए केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय को लिखा पत्र