रायपुर। ज्योतिष शास्त्र में देवगुरु बृहस्पति को ज्ञान, विवाह, धन और समृद्धि का कारक माना जाता है। जब भी गुरु ग्रह अपनी राशि या नक्षत्र बदलते हैं, तो इसका सीधा असर इंसानी जिंदगी पर पड़ता है। जून 2026 की शुरुआत में एक ऐसा ही बड़ा और बेहद शुभ ग्रह गोचर होने जा रहा है। आने वाली 2 जून को गुरु महाराज मिथुन राशि से निकलकर अपनी उच्च राशि यानी कर्क में प्रवेश कर जाएंगे।

कर्क राशि में गुरु का जाना बहुत शक्तिशाली माना जाता है, क्योंकि यहाँ आकर वे सबसे ज्यादा मजबूत होते हैं। इसके साथ ही जून में गुरु, शनि के प्रिय ‘पुष्य’ नक्षत्र में भी कदम रखेंगे। इस अद्भुत संयोग से 4 खास राशियों के जातकों का भाग्योदय होने वाला है।

कर्क राशि: बढ़ेगा समाज में रुतबा

यह महागोचर आपकी ही राशि में होने जा रहा है। इसका सबसे पहला और सीधा फायदा आपको मिलेगा। इस दौरान आपका आत्मविश्वास सातवें आसमान पर होगा। काफी समय से रुके हुए कामों को अचानक रफ्तार मिलेगी। करियर और बिजनेस को लेकर आपके फैसले बिल्कुल सटीक बैठेंगे। कार्यस्थल पर सीनियर अधिकारी आपकी बातों को अहमियत देंगे और समाज में आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी।

See also  "यह अकबर-बाबर का नहीं, मोदी-विष्णु का शासन है": छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलीम राज का कांग्रेस पर तीखा हमला

कन्या राशि: छप्परफाड़ धन लाभ के योग

कन्या राशि के जातकों के लिए यह बदलाव आर्थिक रूप से सोने पर सुहागा साबित होगा। आपकी पैसों की तंगी हमेशा के लिए दूर होने वाली है। पुराना अटका हुआ पैसा वापस मिल सकता है। अगर आपने पहले शेयर मार्केट या जमीन-जायदाद में निवेश किया था, तो इस समय बड़ा मुनाफा होगा। जो लोग विदेश जाकर पढ़ाई या नौकरी करना चाहते हैं, उनका सपना इस महीने पूरा हो सकता है।

धनु राशि: नौकरी में प्रमोशन और नया बिजनेस

चूंकि गुरु आपकी राशि के स्वामी हैं, इसलिए इनका उच्च का होना आपके लिए बंपर तरक्की लाएगा। ऑफिस की राजनीति और तनाव से आपको मुक्ति मिलेगी। लंबे समय से अटके प्रमोशन या मनचाहे ट्रांसफर की खुशखबरी मिल सकती है। व्यापारियों के लिए यह समय नया काम शुरू करने के लिए सबसे उत्तम है। आपकी बिजनेस यात्राएं सफल रहेंगी और कमाई के नए साधन बनेंगे।

मीन राशि: घर में गूंजेगी शहनाई, मिलेगी मानसिक शांति

मीन राशि के लोगों के लिए गुरु का यह गोचर पारिवारिक खुशियां लेकर आ रहा है। घर में चल रहे आपसी मतभेद और तनाव पूरी तरह खत्म होंगे। भाग्य का साथ मिलने से मन शांत रहेगा। जो लोग अविवाहित हैं, उनके लिए शादी के बेहतरीन प्रस्ताव आएंगे। वहीं, शादीशुदा जातकों के रिश्तों में मिठास और आपसी समझ बढ़ेगी। कुल मिलाकर यह समय आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

See also  Horoscope 29 December 2022 : जानें आज कैसा रहेगा आपका दिन, पढ़े अपना राशिफल