टीआरपी डेस्क। Bastar CZC Meeting : छत्तीसगढ़ के बस्तर में पहली बार आयोजित हुई मध्य क्षेत्रीय परिषद (Central Regional Council) की हाई-प्रोफाइल बैठक आयोजित हुई। मिली जानकारी के अनुसार बैठक में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और कुपोषण से निपटने के लिए एक बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई इस रणनीतिक बैठक में छत्तीसगढ़ सहित चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने हिस्सा लिया और कई महत्वपूर्ण फैसलों पर अपनी मुहर लगाई।
सुरक्षा और अंतरराज्यीय तालमेल पर महामंथन
इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अलावा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। मिली जानकारी के अनुसार बैठक में सभी राज्यों के बीच खुफिया जानकारी (Intelligence) साझा करने और सीमावर्ती जिलों में अपराध नियंत्रण के लिए बेहतर पुलिसिंग व हाईटेक गवर्नेंस पर सहमति बनी है।
सुरक्षा के साथ-साथ आदिवासी क्षेत्रों के कायाकल्प पर भी विशेष चर्चा हुई। बस्तर और इसके आस-पास के आदिवासी इलाकों में सड़क, रेल और टेलीकॉम कनेक्टिविटी को तेजी से बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, इन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला उत्पीड़न व बलात्कार जैसे गंभीर मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने की रणनीति बनाई गई है।
कुछ देर बाद पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करेंगे केंद्रीय गृह मंत्री


