नई दिल्ली। हाल के दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में ट्रेनों में आग लगने की कई डराने वाली घटनाएं सामने आईं। पहले तो इसे सामान्य हादसा माना जा रहा था, लेकिन अब भारतीय रेलवे ने चौंकाने वाला दावा किया है। रेलवे के मुताबिक, इन घटनाओं के पीछे हादसों से ज्यादा कुछ असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों की सोची-समझी साजिश शामिल थी।

जांच में मिले पेट्रोल से भीगे कपड़े, चादरें जलाने की कोशिश

हाल ही में राजस्थान के अमरपुरा और कोटा, बिहार के सासाराम और बंगाल के हावड़ा में ट्रेनों के भीतर आग लगी थी। जब रेलवे की सुरक्षा टीमों ने इन मामलों की गहराई से जांच की, तो होश उड़ाने वाले सबूत मिले।

अमरपुरा में ट्रेन के भीतर यात्रियों को मिलने वाली चादरों और बिस्तरों में जानबूझकर आग लगाने की कोशिश की गई थी। हद तो तब हो गई जब हावड़ा में एक ट्रेन के कोच के बाथरूम से पेट्रोल में डूबा हुआ कपड़ा बरामद हुआ। इसके अलावा कोटा में राजधानी एक्सप्रेस के बाथरूम से अचानक लपटें उठती दिखीं, जबकि सासाराम में एक खाली खड़ी बोगी के अंदर किसी अनजान शख्स ने जलती हुई चीज फेंक दी थी।

See also  विदेशी सैलानियों के लिए आकर्षण का नया केन्द्र बन रहा छत्तीसगढ़, वर्ष 2025 में पहुंचे रिकॉर्ड 820 पर्यटक

पैसेंजर से लेकर राजधानी एक्सप्रेस तक को बनाया निशाना

कुछ दिनों पहले मध्य प्रदेश के रतलाम में दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एक एसी (AC) कोच में भीषण आग लग गई थी। यह हादसा सुबह करीब 5:15 बजे विक्रमगढ़ आलोट और लूनी रिछा स्टेशनों के बीच हुआ। आग B-1 कोच में लगी थी, जिसमें 68 यात्री सो रहे थे। गनीमत रही कि वक्त रहते सबको सुरक्षित निकाल लिया गया। इस हादसे का जो वीडियो आया, उसमें धुएं का काला गुबार आसमान छू रहा था। इस वजह से ट्रैक के आसपास के पेड़ भी जल गए और करीब 18 ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।

अलर्ट पर रेलवे: किसी भी संदिग्ध पर रखें नजर, तुरंत घुमाएं 139

सासाराम-पटना पैसेंजर में लगी आग की शुरुआती जांच में भले ही शॉर्ट सर्किट की बात कही गई थी, लेकिन लगातार हो रही इन वारदातों ने रेलवे प्रशासन के कान खड़े कर दिए हैं। रेलवे ने अब आम यात्रियों से बेहद सतर्क रहने की अपील की है। अगर सफर के दौरान आपको अपनी बोगी में या आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति दिखे, या कोई अजीब हरकत करता नजर आए, तो बिल्कुल देर न करें। तुरंत रेलवे की आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 139 पर फोन घुमाएं और इसकी जानकारी दें। आपकी एक सतर्कता सैकड़ों यात्रियों की जान बचा सकती है।

See also  मनीष सिसोदिया की अंतरिम जमानत के लिए हाई कोर्ट ने सीबीआई से मांगी रिपोर्ट