राजनांदगांव। वन विभाग द्वारा संचालित मनगट्टा वन चेतना केंद्र में पर्यटन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। इसे देखते हुए आसपास के इलाकों में लोगों ने रिसॉर्ट बना लिया है। इसके अलावा अन्य आयोजनों के लिए भी भवन बनाए गए हैं। ऐसे लोगों ने मौका पाकर सरकारी जमीनों पर भी कब्जा कर लिया है। इसकी शिकायत के बाद वन चेतना केंद्र के आसपास स्थित बेजा कब्जाधारी एक मैरिज हॉल समेत आधा दर्जन रिसोर्ट में प्रशासन ने सरकारी जमीन में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया।
लंबे समय से मिल रही थी शिकायतें
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के सख्त रूख के बाद एसडीएम गौतम पाटिल व तहसीलदार की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ढहा दिया। यह पहला मौका है, जब वन चेतना केंद्र में संचालित अवैध रिसोर्ट के विरूद्ध प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। लंबे समय से अवैध निर्माण को लेकर रिसोर्ट संचालकों पर आरोप लगते रहे हैं। प्रशासन तक शिकायत आने के बाद कलेक्टर ने संबंधित रिसोर्ट और मैरिज हॉल का नापजोख कराया। अवैध निर्माण की सत्यता की पुष्टि होने के बाद बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
हाल ही के महीनों में रिसोर्ट संचालकों पर नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य करने की ग्रामीण और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि शिकायत करते रहे हैं। कलेक्टर ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण कार्यों को कब्जा मुक्त किया है।
अवैध गतिविधियों पर होगी चुकी कार्रवाई
मनगट्टा वन चेतना केंद्र के समीप स्थित कुछ रिसोर्ट में अवैध गतिविधियों को लेकर पुलिस पूर्व में कई बार छापामार कार्रवाई कर चुकी है। साथ ही पिछले दिनों एक रिसोर्ट में लापरवाही के चलते एक युवक की करंट से मौत का मामला भी सामने आया था। मनगट्टा इलाके में अवैध शराबखोरी समेत अन्य अवैध गतिविधियों और अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की कड़ी नजर है। इधर बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ क्षेत्र में कार्रवाई करते बुलडोजर चलाया गया। इधर अवैध कब्जा के विरूद्ध कार्रवाई करने से अवैध कब्जाधारियों में हडक़ंप की स्थिति है। इसके साथ ही अवैध शराब, नशीले पदार्थोंं और अन्य अवैध गतिविधि करने वालों में भय की स्थिति निर्मित हो गई है।


