अजमेर: राजस्थान के अजमेर-पुष्कर घाटी मार्ग पर सोमवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार लग्जरी फॉर्च्यूनर कार ने एक के बाद एक तीन बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक 22 साल के युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया। (Ajmer Pushkar Road Accident)

धार्मिक संस्था की कार से निकलीं शराब की बोतलें

इस पूरी घटना में सबसे चौंकाने वाला और शर्मनाक मोड़ तब आया, जब पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर कार (RJ 23 UB 7031) की तलाशी ली। जांच में पता चला कि यह गाड़ी प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर कमेटी के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस को कार के अंदर से भारी मात्रा में शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। घटना के बाद से ही आरोपी कार चालक और उसमें सवार लोग पहाड़ी के रास्ते फरार हो गए। इस बात को लेकर अब स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है कि धर्म और आस्था की आड़ में ऐसा घिनौना काम चल रहा था।

See also  World Athletics Championships :19 साल बाद भारत को मिला मेडल, नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, जीता सिल्वर मेडल

चीख-पुकार के बीच खाई में गिरते-गिरते बची कार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सोमवार रात करीब पौने दस बजे हुआ। फॉर्च्यूनर कार पुष्कर से अजमेर की तरफ बेहद तेज रफ्तार में आ रही थी। घाटी के खतरनाक मोड़ पर ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर कई फीट दूर जा गिरे। लोगों ने बताया कि बाइक को कुचलने के बाद अनियंत्रित फॉर्च्यूनर सड़क किनारे खाई में गिरते-गिरते बची।

अस्पताल में युवक ने तोड़ा दम, पुलिस महकमे में खलबली

हादसे में शास्त्री नगर निवासी रोहित (22 वर्ष) और उनके चाचा मधुसूदन वैष्णव गंभीर रूप से जख्मी हुए थे। इसके अलावा नगरा के रहने वाले जितेंद्र और उनका साला रवि कुमार भी घायल हो गए। सभी को तुरंत जेएलएन अस्पताल (JLN Hospital Ajmer) पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान युवक रोहित ने दम तोड़ दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला और एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार को मंदिर से जुड़ा एक पुजारी दिग्विजय सिंह चौहान चला रहा था। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और यह जांच की जा रही है कि क्या ड्राइवर शराब के नशे में था।

See also  इन 4 राज्यों के लोगों पर मंडरा रहा है गंभीर बीमारी का साया, रिसर्च में हुआ बड़ा खुलासा