रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा से पहले ही गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। आसमान से बरसती आग और थपेड़े मारती गर्म हवाओं के कारण घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 43 डिग्री के पार चला गया। इस सीजन में पहली बार बिलासपुर सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) रायपुर के मुताबिक, फिलहाल अगले 5 दिनों तक इस भीषण गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं।

बिलासपुर भट्टी जैसा तपा, रायपुर में भी पारा चढ़ा

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 20 मई को बिलासपुर में सबसे ज्यादा 45°C तापमान दर्ज हुआ। इसके अलावा मुंगेली में 43.9°C, सक्ती में 43.8°C और बालोद-कबीरधाम में पारा 43.5°C तक पहुंच गया।

राजधानी रायपुर भी भीषण गर्मी की चपेट में है। यहां अधिकतम तापमान 43.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब डेढ़ डिग्री ज्यादा है। दोपहर के वक्त सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है। दूसरी तरफ, सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24°C रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था।

See also  प्रीमियम ईंधन ने फिर बढ़ाई टेंशन! XP100 पेट्रोल ₹11 महंगा, Xtra Green डीजल के दाम भी बढ़े

अगले 5 दिन रायपुर में छूटेगे पसीने, लू का अलर्ट

मौसम वैज्ञानिकों ने साफ कहा है कि आने वाले 5 दिनों तक प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क और गर्म रहेगा। मध्य छत्तीसगढ़ यानी रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में हीट वेव (लू) चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

रायपुर शहर के स्थानीय अनुमान के मुताबिक, आज आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। तेज धूप के कारण रायपुर का तापमान 44°C और रात का न्यूनतम तापमान 30°C के आसपास रहने की संभावना है। यानी अब रातें भी गर्म होने वाली हैं।