बिलासपुर। जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बजाय पुलिसकर्मी उनके साथ थाने में ‘चाय की चुस्कियां’ लेते नजर आए। यह वाकया मीडिया में वायरल होने के बाद इस गंभीर लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए बिलासपुर के पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई का आदेश जारी कर दिया है।
कोनी थाने का है वाकया
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर जिले में अवैध रूप से दुकान संचालित करने वाले कबाड़ियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोनी थाना पुलिस क्षेत्र में अवैध कबाड़ का व्यवसाय करने वाले दो आरोपियों को पकड़कर थाने लेकर आई थी। लेकिन थाने के भीतर का नजारा इसके बिल्कुल उलट था। आरोपियों को हवालात में डालने या सख्त पूछताछ करने की बजाय, वे थाने के प्रधान आरक्षक और उनके मददगार आरक्षक के सामने बैठकर आराम से चाय पीते हुए नजर आए।

‘‘लापरवाही अक्षम्य है”
थाने में कबाड़ियों का पुलिस कर्मचारियों के साथ चाय की चुस्कियां लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे बेहद गंभीरता से लिया। SSP रजनेश सिंह द्वारा जारी आधिकारिक आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि यह कृत्य अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कड़ी कार्रवाई को कमजोर दिखाता है और इस तरीके की लापरवाही अक्षम्य है।
इन पुलिसकर्मियों पर गिरी गाजकर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से कोनी थाने से हटाकर रक्षित केंद्र, बिलासपुर संबद्ध कर दिया गया है। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में प्र.आरक्षक 814 बालेश्वर तिवारी और आरक्षक 1263 अनुज जांगड़े शामिल हैं। यह आदेश 24 मई, 2026 को पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला बिलासपुर द्वारा जारी किया गया है। इसकी प्रतिलिपि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है। इस कार्रवाई से जिले के बाकी थानों में भी हड़कंप मच गया है।




