रायपुर। राजधानी के सुंदर नगर स्थित प्रतिज्ञा विकास संस्थान के खुला आश्रय गृह में बालिकाओं से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। संस्था की कर्मचारी ज्योति वर्मा ने तीन बच्चियों को डंडे से पीटा। जिला बाल संरक्षण इकाई ने गंभीर अनियमितता मानते हुए डी.डी. नगर थाने को संचालक, समन्वयक और कर्मचारी ज्योति वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

23 मई को निरीक्षण में खुला मामला

जिला बाल संरक्षण अधिकारी के प्रतिवेदन के अनुसार, 23 मई 2026 को आश्रय गृह का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में पता चला कि बाह्य पहुंच कार्यकर्ता के पद पर कार्यरत ज्योति वर्मा ने तीन बालिकाओं के साथ डंडे से मारपीट की। बच्चियों से बातचीत में सामने आया कि अन्य बालिकाओं के साथ भी ऐसा व्यवहार किया गया है।

किशोर न्याय अधिनियम का उल्लंघन, BNS की धाराएं लगीं

प्रतिवेदन में कहा गया है कि यह कृत्य किशोर न्याय अधिनियम 2015 के प्रावधानों के खिलाफ है और गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। प्रारंभिक जांच में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) और 3(5) के तहत अपराध पाया गया है। थाना प्रभारी डी.डी. नगर को पत्र भेजकर FIR दर्ज करने को कहा गया है।

See also  PM मातृ वंदन योजना में घोटाला करने वालों की जारी है खोजबीन : ID हैक कर 60 लाख निकाले, 1400 फर्जी हितग्राही भी दर्ज, जांच में कर्मचारी भी घेरे में

संरक्षण अधिकारी को FIR के लिए अधिकृत किया

मामले की विधिवत जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए सपना सिंह, संरक्षण अधिकारी संस्थागत देखरेख को प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अधिकृत किया गया है। विभाग ने साफ किया है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर और संचालक को भेजी गई कॉपी

प्रतिवेदन की कॉपी संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग नवा रायपुर, कलेक्टर रायपुर और जिला कार्यक्रम अधिकारी को भी भेजी गई है। घटना के बाद आश्रय गृह की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर जांच के साथ संस्थान की भूमिका की भी समीक्षा हो रही है।

पुलिस करेगी विस्तृत जांच, सख्त कार्रवाई तय

FIR दर्ज होने के बाद पुलिस विस्तृत जांच करेगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की संभावना है। विभाग ने आश्रय गृहों में बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

See also  बसपा ने सांसद दानिश अली को पार्टी से निकाला, भाजपा सांसद विधूड़ी की टिप्पणी से आये थे चर्चा में