रायपुर। बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है। यहा कांग्रेस पार्टी को एक बहुत बड़ा झटका लगा है। पार्टी के भीतर लंबे समय से काम कर रही महिला महामंत्री कमल झज ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया। बात सिर्फ यहीं नहीं रुकी।
इस्तीफा देने के तुरंत बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। उनके साथ कांग्रेस की एक और कद्दावर नेता और पूर्व महामंत्री अम्मा जी राव ने भी अपने भारी समर्थकों के साथ भाजपा में प्रवेश कर लिया। इस बड़े फेरबदल से जगदलपुर की राजनीति में अचानक गरमाहट आ गई है।
भाजपा दफ्तर में हुआ स्वागत
जगदलपुर के स्थानीय भाजपा दफ्तर में इस जॉइनिंग के लिए एक बड़ा कार्यक्रम रखा गया था। मंच पर खुद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव मौजूद रहे। कांग्रेस छोड़कर आईं दोनों बड़ी महिला नेताओं के साथ करीब 14 अन्य महिला कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ली। पार्टी दफ्तर में बस्तर के पारंपरिक अंदाज में सभी का स्वागत हुआ। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने खुद सभी को भाजपा का भगवा गमछा पहनाया और फूल माला देकर पार्टी में शामिल किया।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि स्थानीय स्तर पर गुटबाजी से तंग आकर महिला नेताओं ने यह कदम उठाया। सूत्रों के हवाले से खबर है कि सिरहा चौक और संजय बाजार इलाके के कांग्रेसी हलकों में इस इस्तीफे के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है। पार्टी छोड़ने वाली नेताओं का कहना है कि वे संगठन के भीतर उपेक्षा से परेशान थीं। भाजपा में शामिल होने के बाद अब इन नेताओं की कोशिश बस्तर के ग्रामीण इलाकों में भाजपा की पकड़ को और मजबूत करने की होगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने क्या कहा?
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की रीति-नीति और सरकार की सबका साथ, सबका विकास वाली योजनाओं से लोग लगातार प्रभावित हो रहे हैं। इसी का नतीजा है कि लोग बिना किसी दबाव के खुद पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह बस्तर में भाजपा के बढ़ते जनाधार और संगठन की मजबूती का सीधा संकेत है। आने वाले दिनों में कुछ और बड़े चेहरे भाजपा में शामिल हो सकते हैं।



