मुंगेली। खरीफ सीजन 2026 में किसानों को समय पर खाद न मिलने पर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बड़ा एक्शन लिया है। सहकारिता विभाग ने खाद भंडारण और वितरण में लापरवाही पर 21 सेवा सहकारी समितियों के 66 अधिकारी-कर्मचारियों को शोकॉज नोटिस जारी किया है। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर निलंबन और पद से हटाने की कार्रवाई होगी।
2 दिन में देना होगा जवाब, वरना होगी कार्रवाई
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की रिपोर्ट में सामने आया कि समितियों ने लक्ष्य के अनुरूप खाद का भंडारण और वितरण नहीं किया। सहायक आयुक्त सहकारिता ने प्राधिकृत अधिकारियों, प्रभारी प्रबंधकों और कम्प्यूटर ऑपरेटरों से 2 दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में कहा गया कि यह उदासीनता और अनुशासनहीनता है। समय पर खाद न मिलने से कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है। छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 के तहत कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

90 से ज्यादा उर्वरक केंद्रों पर छापा, 29 को नोटिस, 6 पर बैन
कलेक्टर के निर्देश पर कृषि विभाग ने कालाबाजारी रोकने के लिए निजी और सहकारी उर्वरक केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अब तक 90 से अधिक केंद्रों की जांच में 29 को कारण बताओ नोटिस और 6 केंद्रों पर तत्काल बिक्री प्रतिबंध लगाया गया है। उपसंचालक वीणा ठाकुर ने बताया कि रेट सूची, पॉश मशीन और भंडारण की जांच की गई।
किसानों से अपील: अफवाहों पर ध्यान न दें
विभाग ने विक्रेताओं को शासन दर पर ही खाद देने के निर्देश दिए हैं। किसानों से कहा गया है कि खाद की कमी की अफवाहों पर ध्यान न दें और रासायनिक उर्वरकों के साथ नील हरित शैवाल, हरी खाद व नैनो उर्वरकों का उपयोग करें। इससे भूमि की उर्वरा शक्ति और उत्पादन दोनों बढ़ेगा।



