बलौदाबाजार-भाटापारा। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की निपानिया शाखा प्रबंधक अनीता पांडे को रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। मृतक पति के खाते से 1.10 लाख निकालने के बदले नॉमिनी महिला से घूस मांगने का वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर ने कार्रवाई की।
रकम निकालने के लिए देनी पड़ी रिश्वत
खेलन बाई सतनामी के पति रूपदास सतनामी का एक साल पहले निधन हुआ था। सहकारी बैंक की निपानिया शाखा में उनके खाते में 1 लाख 10 हजार रुपये जमा थे। पैसे निकालने पहुंची खेलन बाई से शाखा प्रबंधक अनीता पांडे ने पहले 10 हजार, फिर 5 हजार रुपये रिश्वत मांगी। मजबूरी में पैसे देने पड़े।
वीडियो से खुला राज
खेलन बाई के साथ आए ग्रामीण ने पूरी बातचीत और लेन-देन का वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। खेलन बाई ने जनदर्शन में कलेक्टर से शिकायत की और वीडियो सबूत दिया। FIR की मांग भी की।
तत्काल निलंबन, महासमुंद अटैच
जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही मिलने पर कलेक्टर के निर्देश पर अनीता पांडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। उन्हें नोडल कार्यालय महासमुंद से संबद्ध किया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
विधायक बोले- पहले भी शिकायतें
भाटापारा विधायक इंद्र साव ने कहा कि अनीता पांडे के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिली हैं। एक साल पहले बात करने पर उनका व्यवहार असहयोगात्मक था।



