बिलासपुर। बिल्हा विधानसभा के ग्राम गोढ़ी में आयोजित सुशासन तिहार राजनीतिक अखाड़ा बन गया। मंच पर ही भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक और कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के बीच विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर तीखी नोंकझोंक हो गई, जिससे पंडाल का माहौल गरमा गया।

खाद-बीज, बिजली-पानी पर कांग्रेस ने घेरा

कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला ने किसानों को खाद-बीज न मिलने, बिजली-पानी की समस्या, खराब सड़कों और मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने जनता के आवेदनों का त्वरित निराकरण नहीं होने पर सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।

कौशिक ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए विधायक धरमलाल कौशिक ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का हवाला दिया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच मंच पर ही बहस तेज हो गई।

ग्रामीण भी हुए मुखर, लगे नारे

नेताओं की बहस के दौरान मौजूद ग्रामीण भी अपनी समस्याओं को लेकर मुखर हो गए। दोनों दलों के समर्थकों ने अपने-अपने पक्ष में नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याओं को लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए, वहीं भाजपा समर्थकों ने सरकार की उपलब्धियों का समर्थन किया।

See also  जब सीएम बघेल ने गाया, ये धमधा वाले राजा बाबू... - Video

अफसरों ने कराया शांत

स्थिति बिगड़ती देख प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप कर माहौल शांत कराया। सुशासन तिहार में हुई इस सियासी झड़प की पूरे इलाके में चर्चा रही।