टीआरपी डेस्क। धमतरी कलेक्ट्रेट परिसर में आज दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक हाथ में केरोसिन की बोतल लेकर पहुंचा और खुद पर उड़ेलने लगा। जवानों ने युवक को किसी तरह रोक कर उसके हाथ से माचिस छीन ली।

मिली जानकारी के अनुसार आत्मदाह की कोशिश करने वाले इस युवक का नाम रोहित सोनी है। रोहित धमतरी शहर के मशहूर बुढ़ेश्वर महादेव मंदिर के पास ही रहता है। रोहित का कहना है कि मंदिर परिसर से सटा हुआ उसका पुश्तैनी मकान है। आरोप है कि एक भाजपा नेता और मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मिलकर उसके घर के ठीक सामने एक बड़ा गड्ढा खुदवा दिया है। इस वजह से उसके बूढ़े मां-बाप और बच्चों का घर से निकलना-आना पूरी तरह बंद हो गया है।

रोहित ने मीडिया को बताया कि जब वह अपने घर का मरम्मत करवा रहा था, तब भाजपा नेता अपने साथ 10 से 20 लोगों को लेकर उसके घर में घुस गए। उन्होंने जबरन काम रुकवा दिया। उसने आरोप लगाया कि बीजेपी के नेता उसे धमकी देते हैं। उसने इसकी शिकायत जनदर्शन में भी की है। मगर कोई सुनवाई नहीं हुई।

See also  बलौदाबाजार में 20 जून तक के लिए धारा 144 बढ़ाई गई, कांग्रेस का प्रदेश व्यापी धरना कल

वहीं जब भाजपा नेता और मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी नीलेश लुनिया से बात की गई, तो उन्होंने साफ पल्ला झाड़ लिया। नीलेश लुनिया का कहना है कि यह पूरा मामला सीधे तौर पर मंदिर ट्रस्ट का है। युवक उन पर जो भी आरोप लगा रहा है, उसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल रुद्री पुलिस दोनों पक्षों को थाने बुलाकर जांच में जुट गई है।