दुर्ग । दुर्ग पुलिस को अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में फर्जी GST बिल के जरिए चोरी के कोयले की खरीदी-बिक्री करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 15.530 टन कोयला जब्त किया है। जब्त कोयले की कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है।

सूचना पर गोदाम में दी दबिश

क्राइम डीएसपी यदुमणि सिदार ने बताया कि सूचना मिली थी कि खुर्सीपार गेट के पास विजय केसरवानी अवैध रूप से कोयले का भंडारण कर बिक्री कर रहा है। पुलिस टीम ने गोदाम में दबिश दी तो बड़ी मात्रा में कोयला मिला। पूछताछ में विजय ने GST बिल पेश किए, लेकिन जांच में सभी दस्तावेज फर्जी निकले।

रेलवे और BSP से चोरी का कोयला

जांच में सामने आया कि आरोपी रेलवे और भिलाई स्टील प्लांट से चोरी किए गए कोयले को खरीदकर बाजार में बेचता था। अवैध कारोबार को वैध दिखाने के लिए फर्जी GST बिल और कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जाता था।

See also  Railway : 2026 से भारत में दौड़ेगी पहली बुलेट ट्रेन, रेल मंत्री ने किया ऐलान

पूछताछ में खुलासा: दो और आरोपी शामिल

कड़ाई से पूछताछ में विजय केसरवानी ने अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि फर्जी GST दस्तावेज और बिल राजकुमार मिश्रा और सुनील शर्मा तैयार करते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पूरे नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पूरे नेटवर्क और चोरी के कोयले के स्रोत की जांच चल रही है। अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।