कोरबा। बिसाहू दास मेडिकल कॉलेज कोरबा में अस्पताल परिसर में बाइक चोरी के आरोपी युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। निजी सुरक्षा एजेंसी कामथेन के कर्मचारियों ने युवक को पुलिस के हवाले करने के बजाय अंडरवियर में खंभे से बांधकर पीटा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला गरमा गया है।
गार्ड की बाइक हुई थी चोरी
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। शुक्रवार रात ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड राजेंद्र पटेल की मोटरसाइकिल अस्पताल परिसर से चोरी हो गई। रात करीब 11:45 बजे वाहन चालक उत्तम ने दो युवकों को बाइक ले जाते देखा। सुरक्षा कर्मियों ने पीछा कर एक युवक विशाल सागर को कोसाबाड़ी चौक के पास पकड़ लिया, जबकि दूसरा भाग निकला।
थाने ले जाने के बजाय वापस लाए परिसर
नियमों के मुताबिक आरोपी को तुरंत पास के सिविल लाइन थाने ले जाना था। लेकिन आरोप है कि सुरक्षा कर्मी उसे वापस अस्पताल परिसर ले आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कर्मचारियों और बाउंसर्स ने युवक के कपड़े उतरवाकर उसे उसी की शर्ट से बिजली के खंभे में बांध दिया। फिर जमकर पिटाई की।

वीडियो में माफी मांगता दिखा युवक
वायरल वीडियो में युवक माफी मांगते और छोड़ देने की गुहार लगाता दिख रहा है, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी। सूचना पर अस्पताल चौकी और पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले गई।
कई चोरियों में कबूली संलिप्तता
अगले दिन बाइक मालिक राजेंद्र पटेल ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने विशाल सागर के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कई चोरी की घटनाओं में शामिल होना कबूला है। हालांकि पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
डीन बोले- एजेंसी को देंगे नोटिस
इस मामले में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. के.के. सहारे ने कहा कि सुरक्षा एजेंसी को नियमों के तहत काम करना चाहिए। घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एजेंसी को नोटिस जारी किया जाएगा।
मारपीट हुई तो होगी कार्रवाई : ASP
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने कहा कि यदि आरोपी के साथ मारपीट की पुष्टि होती है तो मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।



