मौसम डेस्क: तीन दिन की देरी से आने के बाद अब मानसून (Monsoon 2026 Update) पूरे मूड में आ गया है। केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु को भिगोते हुए मानसून अब गोवा पहुंच चुका है। मुंबई में भी इसके अगले दो-तीन दिनों में दस्तक देने की पूरी संभावना है। फिलहाल पणजी, बेंगलुरु, सलेम और पंबन में मानसून की मूसलाधार बारिश (Heavy Rainfall) हो रही है। दूसरी तरफ, उत्तर भारत के राज्यों में भी प्री-मानसून की वजह से मौसम बदल गया है।
केरल में आफत की बारिश: 8 जिलों में अलर्ट, स्कूल बंद
केरल में मानसून ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। शुक्रवार को रातभर हुई भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और पेड़ उखड़ गए हैं। मौसम विभाग (IMD Weather Alert) ने केरल के कई हिस्सों में आज के लिए रेड अलर्ट (Red Alert in Kerala) जारी किया है। इसका मतलब है कि अगले 24 घंटे में यहाँ 20 सेंटीमीटर से भी ज्यादा बारिश हो सकती है।
बिगड़ते मौसम को देखते हुए वायनाड और कासरगोड में आज स्कूलों की छुट्टी (Schools Closed) कर दी गई है। पहाड़ी रास्तों पर रात के सफर, टूरिस्ट ट्रेकिंग और पत्थरों के खनन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। तटीय इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने की आशंका है।
जानिए आपके राज्य में कब आएगा मानसून?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले 3 दिनों के भीतर मानसून पूर्वोत्तर भारत के राज्यों—असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में पहुंच जाएगा। इसके बाद अगले 10 दिनों में इसके बिहार, झारखंड और ओडिशा (Monsoon in Bihar & Jharkhand) पहुंचने की उम्मीद है।
प्राइवेट वेदर एजेंसी स्काईमेट (Skymet Weather) के एक्सपर्ट जीपी शर्मा के मुताबिक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बंगाल में मानसून को आगे बढ़ाने के लिए बंगाल की खाड़ी में एक मजबूत सिस्टम (Weather System in Bay of Bengal) की जरूरत होती है। फिलहाल ऐसा कोई सिस्टम नहीं बन रहा है, जिससे इन राज्यों में मानसून की एंट्री थोड़ी धीमी हो सकती है।
दिल्ली-UP समेत उत्तर भारत में ऑरेंज अलर्ट
राहत की बात यह है कि गुजरात को छोड़कर देश के बाकी सभी राज्यों में प्री-मानसून एक्टिविटी (Pre-Monsoon Rain) शुरू हो चुकी है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए आज ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है। दोपहर या शाम के समय धूलभरी आंधी और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।



