बलौदाबाजार। जिले के भाटापारा में कानून का मखौल उड़ाता एक मामला सामने आया। यहां जेल से जमानत पर रिहा हुए 4 आरोपियों का उनके साथियों ने हीरो की तरह स्वागत किया। उन्हें फूल-मालाओं से लादकर कार और बाइक रैली निकाली गई। सड़कों पर गाड़ियों का काफिला दौड़ा, नारे लगे और खुलेआम शक्ति प्रदर्शन किया गया।
सोशल मीडिया पर दबंगई पड़ी भारी
आरोपियों को लगा कि जेल से बाहर निकलते ही उनका रुतबा बढ़ गया है। लेकिन उनकी यह दबंगई कैमरों में कैद हो गई। इंस्टाग्राम पर अपलोड वीडियो में खुलेआम हुड़दंग और शक्ति प्रदर्शन दिखा। वीडियो में मोहल्ले के लोगों से बदतमीजी भी की गई।

वायरल वीडियो देख हरकत में आई पुलिस
रील वायरल होते ही मामला SP ओपी शर्मा तक पहुंचा। उनके निर्देश पर भाटापारा पुलिस हरकत में आई। जिस काफिले के सहारे दबदबा दिखाया जा रहा था, उसी काफिले के पीछे पुलिस पहुंच गई। घेराबंदी कर एक-एक कर 9 लोगों को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
दरअसल पुलिस ने इससे पहले 4 युवकों को मारपीट, गाली गलौच और जान से मारने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इनके रिहा होने के बाद निकाले गए रोड शो के मामले में आम लोगों में भय फैलाने, हुड़दंग करने और सोशल मीडिया के जरिए खौफ पैदा करने के आरोप में कुल 9 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इनमें जमानत पर छुटे 4 आरोपियों के अलावा उनके 5 साथी शामिल हैं। रैली में इस्तेमाल वाहनों पर भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई हुई।

फिल्मी स्टाइल सड़कों पर नहीं चलेगा’
जेल से निकलकर रौब दिखाने निकले आरोपियों को पुलिस ने याद दिला दिया कि फिल्मी स्टाइल की दबंगई रीलों में भले चल जाए, सड़कों पर नहीं। देखते ही देखते इनकी सारी हेकड़ी हवा हो गई।



