कांकेर। चारामा विकासखंड की हराडूला रेत खदान में आधी रात बड़ा हड़कंप मच गया। भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने खुद मौके पर पहुंचकर अवैध रेत उत्खनन पर छापा मारा। इस दौरान खनन में लगे 5 हाइवा और एक चैन माउंटेन मशीन जब्त की गई।
किसी भी अफसर ने फोन रिसीव नहीं किया’
विधायक को क्षेत्र में अवैध रेत खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। देर रात बड़े पैमाने पर उत्खनन की सूचना मिलने पर उन्होंने कई जिम्मेदार अधिकारियों को फोन लगाया, लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया। आरोप है कि अफसरों की अनदेखी के बाद विधायक खुद ही मौके पर पहुंच गईं।

मौके पर मिला अवैध खनन का सामान
छापेमारी के दौरान खदान में रात के अंधेरे में रेत का अवैध परिवहन और उत्खनन चल रहा था। विधायक ने मौके से 5 हाइवा और एक चैन माउंटेन मशीन जब्त कराई। तुरंत संबंधित विभागों को सूचना देकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कराई गई।
‘अवैध खनन बर्दाश्त नहीं’: विधायक
मौके पर विधायक सावित्री मंडावी ने साफ कहा कि उनकी विधानसभा में अवैध रेत खनन किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए।
प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से रात में अवैध रेत खनन चल रहा है। कई बार शिकायतों के बावजूद रेत माफिया सक्रिय हैं। विधायक की इस कार्रवाई के बाद खनन विभाग और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।
जब्त वाहनों की जांच शुरू
फिलहाल जब्त 5 हाइवा और मशीन के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। संबंधित विभाग पूरे मामले की पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटे हैं।



