CG Weather Update
CG Weather Update

CG Monsoon Arrival Updates: भीषण गर्मी और उमस की मार झेल रहे छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए मौसम विभाग से एक बहुत बड़ी और राहत देने वाली खबर आई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने साफ संकेत दिए हैं कि राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री के लिए माहौल बिल्कुल तैयार हो चुका है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों के भीतर मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में दस्तक दे देगा। इसी के साथ आज 11 जून से पूरे प्रदेश में आंधी, तूफान, कड़कड़ाती बिजली और झमाझम बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है।

तेज हवाओं के साथ गिरेगी बिजली, मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से विनाशकारी अंधड़ चलने की भी आशंका है। प्रशासन ने आम लोगों और खास तौर पर किसानों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे खड़े न हों और सुरक्षित जगहों पर शरण लें।

See also  Chhattisgarh में सर्दी ने बढ़ाई कंपकंपी, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, शीतलहर की चेतावनी जारी

इन राज्यों से होते हुए छत्तीसगढ़ पहुंचेगा मानसून

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मानसून इस समय देश के कई राज्यों में पूरी तरह एक्टिव है। अगले 3-4 दिनों में यह महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और झारखंड के रास्ते होते हुए छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में दाखिल हो जाएगा। इसकी वजह से हवाओं का रुख बदलेगा और उमस भरी गर्मी से लोगों को निजात मिलेगी।

एक साथ तीन-तीन मौसमी सिस्टम हुए एक्टिव

मौसम विभाग के अनुसार इस समय आसमान में एक साथ कई प्रणालियां काम कर रही हैं। पंजाब से लेकर पश्चिम बंगाल तक एक मौसमी द्रोणिका बनी हुई है। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर हवा का चक्रवाती घेरा सक्रिय है। एक अन्य द्रोणिका उत्तर प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ और विदर्भ तक फैली हुई है। इन तीन प्रणालियों के कारण बंगाल की खाड़ी से लगातार प्रचुर मात्रा में नमी आ रही है, जिससे बारिश की गतिविधियां तेज होने वाली हैं।

See also  दिल्ली: चार दिन में तीसरी बार फा​यरिंग, अब जामिया में चली गोली,पुलिस का इंकार

अंबिकापुर और रायगढ़ के कई इलाकों में बरसे बदरा

पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में प्री-मानसून की फुहारें पड़ी हैं। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में सबसे ज्यादा 2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा रायगढ़ के कापू, बलरामपुर के रघुनाथनगर, कुसमी और गरियाबंद के छुरा इलाके में भी अच्छी बारिश हुई है। इस हल्की बारिश से स्थानीय लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, रायपुर का पारा 42 के पार

अगर तापमान की बात करें तो कल प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी राजनांदगांव जिले में रही, जहाँ का पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा था। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों में तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट आएगी।

See also  परिवार को मिल सके बीमा की रकम, कारोबारी ने 90 हजार में करवा ली खुद की हत्या

रायपुर में आज छाएंगे बादल, आंधी-बारिश के आसार

राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों के लिए मौसम विभाग ने कहा है कि आज 11 जून को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के समय शहर में तेज धूलभरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है।