NITI Aayog Meeting: रायपुर/नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 11वीं बैठक में बस्तर के विकास का व्यापक रोडमैप प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि दशकों तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहा बस्तर अब आर्थिक पुनरुत्थान, रोजगार, शिक्षा, पर्यटन और कृषि आधारित विकास का नया मॉडल बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

NITI Aayog Meeting: तीन साल में आय 30 हजार रुपए तक पहुंचाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य अगले तीन वर्षों में बस्तर के परिवारों की औसत मासिक आय को बढ़ाकर 30 हजार रुपये तक पहुंचाना है। वर्तमान में क्षेत्र के लगभग 85 प्रतिशत परिवारों की मासिक आय 15 हजार रुपये से कम है। इसके लिए कृषि, पशुपालन, लघु उद्योग, वन उपज और विभिन्न सरकारी योजनाओं को आधार बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

NITI Aayog Meeting: डेयरी मॉडल से बस्तर के गांवों में आएगी आर्थिक मजबूती

बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर में डेयरी आधारित आर्थिक मॉडल को तेजी से लागू किया जा रहा है। इसके तहत आदिवासी परिवारों को दुधारू गाय और भैंस उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी आय के स्रोत विकसित होंगे और महिलाओं व युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। दूध संग्रहण, परिवहन और डेयरी केंद्रों के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

See also  कलिंगा विश्वविद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता के साथ विश्व ओजोन दिवस 2025 मनाया गया

NITI Aayog Meeting: 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को मिलेगा सिंचाई लाभ

कृषि उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार 2,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत की दो बड़ी सिंचाई परियोजनाएं शुरू करने जा रही है। इन परियोजनाओं से 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इंद्रावती नदी क्षेत्र में वर्षभर पानी की उपलब्धता से किसानों को धान के साथ सब्जियां, फल और अन्य नकदी फसलें उगाने का अवसर मिलेगा।

NITI Aayog Meeting: डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल से बेहतर होगी स्वास्थ्य व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 36 लाख लोगों की डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार की जा रही है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और उपचार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

NITI Aayog Meeting: सुरक्षा शिविरों को बनाया जा रहा ‘सेवा डेरा’

साय ने बताया कि क्षेत्र में स्थापित लगभग 200 सुरक्षा शिविरों को अब ‘सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को राशन, पेंशन, आयुष्मान कार्ड, बैंकिंग, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत केंद्र और राज्य सरकार की 371 योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

See also  कलिंगा विश्वविद्यालय में महर्षि वाल्मीकि जयंती का उत्सव

NITI Aayog Meeting: चित्रकोट और सिरपुर बनेंगे विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चित्रकोट और सिरपुर को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित कर रही है। बस्तर में वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स और जंगल सफारी जैसी गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है, जबकि सिरपुर में ग्लोबल मेडिटेशन सेंटर, संग्रहालय और महानदी तट विकास परियोजनाओं पर काम जारी है।

NITI Aayog Meeting: पर्यटन से खुलेंगे रोजगार के नए अवसर

उन्होंने कहा कि पर्यटन रोजगार सृजन का बड़ा माध्यम बन सकता है। इससे होटल, परिवहन, गाइड, हस्तशिल्प, व्यापार और स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा मिलेगा तथा हजारों युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे।

NITI Aayog Meeting: अबूझमाड़ और जगरगुंडा में बनेगी एजुकेशन सिटी

मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और डिजिटल तकनीक के माध्यम से विकास का नया मॉडल तैयार किया जा रहा है। अबूझमाड़ और जगरगुंडा में 100 करोड़ रुपये की लागत से एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है। इसके अलावा 341 पीएमश्री स्कूल, 5,857 स्मार्ट क्लासरूम और 16 स्थानीय भाषाओं में द्विभाषी पुस्तकों के जरिए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

See also  After RERA, The Top Builder In The Electricity Department- रेरा ने संपत्ति और अब बिजली विभाग ने बकाया के लिए घेरा

NITI Aayog Meeting: एक जिला-एक उत्पाद योजना से बढ़ा निर्यात और किसानों की आय

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के माध्यम से राज्य के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार मिल रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में फरवरी 2026 तक राज्य से 761.76 करोड़ रुपये का निर्यात दर्ज किया गया, जिसमें खुशबूदार चावल का प्रमुख योगदान रहा। इससे किसानों, कारीगरों और स्थानीय उद्यमियों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

NITI Aayog Meeting: विकसित छत्तीसगढ़ के विजन पर तेजी से काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए निवेश, सुशासन और तकनीक आधारित विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। बस्तर में चल रही विभिन्न योजनाएं इसी दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।