वैश्विक मोर्चे पर अचानक भड़के भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका में बेकाबू होते महंगाई के आंकड़ों ने आज गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार को हिलाकर रख दिया है। शुरुआती कारोबार में ही चौतरफा बिकवाली के चलते दलाल स्ट्रीट में हड़कंप मच गया, जिससे निवेशकों को तगड़ा झटका लगा है।

शुरुआती मिनटों में ही सेंसेक्स-निफ्टी औंधे मुंह गिरे

दुनिया भर के बाजारों से मिल रहे बेहद कमजोर और डरावने संकेतों के चलते सुबह बाजार खुलते ही सूचकांकों में तेज गिरावट दर्ज की गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में ही करीब 400 अंक (0.54%) तक भरभराकर फिसल गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी लगातार बिकवाली की मार झेलते हुए 23,100 के मनोवैज्ञानिक स्तर के करीब पहुंच गया। हालांकि थोड़ी देर बाद बाजार ने हल्की रिकवरी की। सुबह 10:37 बजे सेंसेक्स 73,941.59 पर कारोबार कर रहा था।

आईटी और एशियन पेंट्स के शेयरों में 2-2% की भारी गिरावट

बाजार के दिग्गज और हैवीवेट शेयरों पर बिकवाली का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। शुरुआती सत्र के दौरान दिग्गज आईटी कंपनी एचसीएल टेक (HCL Tech) और देश की सबसे बड़ी पेंट निर्माता कंपनी एशियन पेंट्स (Asian Paints) के शेयरों के भाव 2-2 फीसदी तक टूट गए। इन दोनों बड़े शेयरों में आई गिरावट ने बाजार के सेंटिमेंट को पूरी तरह से डैमेज कर दिया।

See also  GST Collection in March 2026: जीएसटी से भरा सरकारी खजाना, मार्च में 8.8 प्रतिशत उछाल के साथ 2 लाख करोड़ के पार,जानें छत्तीसगढ़ का कैसा रहा प्रदर्शन

रुपया में 35 पैसे की भारी गिरावट

शेयर बाजार में मचे इस कोहराम और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का सीधा और सबसे घातक असर भारतीय करेंसी (रुपया) पर देखने को मिला है। बुधवार को मजबूत होकर बंद होने वाला रुपया गुरुवार सुबह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 35 पैसे की भारी गिरावट के साथ 95.60 के स्तर पर आ गया। रुपये की इस कमजोरी से देश का आयात बिल बढ़ेगा, जिससे घरेलू स्तर पर भी महंगाई बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है।