भानुप्रतापपुर/कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कलगांव में आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से मनरेगा (MNREGA) में काम कर रहे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस अचानक हुए हादसे के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और अधिकारी तुरंत मौके पर रवाना हुए।

बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े थे मजदूर

मिली जानकारी के अनुसार, कलगांव में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत तालाब निर्माण का कार्य चल रहा था, जिसमें गांव के करीब 50 मजदूर काम पर लगे हुए थे। इसी दौरान सुबह-सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। पानी से खुद को बचाने के लिए कई मजदूर पास ही स्थित एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए। इसी बीच कड़कड़ाती हुई आकाशीय बिजली सीधे उसी पेड़ पर जा गिरी।

See also  जीएसटी काउंसिल की बैठक में शराब पर स्पष्टता लाने की बात हुईः टीएस

मलबे और करंट की चपेट में आए उपसरपंच

इस दर्दनाक हादसे में पेड़ के नीचे खड़े कलगांव के उपसरपंच धनराज पटेल और उनके साथ काम कर रहे एक अन्य मजदूर की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वहीं, आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पांच अन्य मजदूर झुलस गए, जिनमें 3 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास काम कर रहे अन्य मजदूर तुरंत मदद के लिए दौड़े।

अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल, कलेक्टर ने संभाला मोर्चा

सभी घायल मजदूरों को आनन-फानन में उपचार के लिए अंतागढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए कांकेर कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों को तुरंत मौके पर और अस्पताल भेजा गया है।

कलेक्टर ने कहा, “मौके पर पहुंचे अधिकारी स्थिति का पूरा जायजा ले रहे हैं। घायलों को त्वरित राहत देने के लिए एंबुलेंस रवाना की गई थी। इसके साथ ही डॉक्टरों को सख्त और आवश्यक निर्देश दिए गए हैं कि सभी घायल ग्रामीणों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए। शासन के नियमों के तहत पीड़ितों को तत्काल सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी।” सुबह-सुबह हुई इस दुखद घटना से पूरे इलाके और मृत मजदूरों के परिवारों में मातम पसर गया है।

See also  Big Achievement : सेंट्रल पूल में दूसरा सबसे ज्यादा धान देने वाला राज्य बना छत्तीसगढ़, CM बघेल ने ट्वीट कर दी जानकारी