बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के खर्वे गांव में दहशत का माहौल है। यहां सिर्फ 5 दिन में 8 ग्रामीणों की मौत के बाद जहरीली शराब से मारने का आरोप लगा है। गांव के ही एक व्यक्ति पर 8 लोगों को जहर मिली शराब पिलाने का गंभीर आरोप है।

कब्र से निकाले जा रहे शव

मौत की असली वजह जानने के लिए पुलिस ने सभी 8 मृतकों के दफन शवों को बाहर निकलवाना शुरू कर दिया है। FSL की टीम मौके पर है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच से पता चलेगा कि मौत जहरीली शराब से हुई या कोई और वजह थी। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं।

ग्रामीणों ने लगाया आरोप

इस मामले की शिकायत करने सैकड़ों ग्रामीण कसडोल थाने पहुंचे थे। उनका दावा है कि गांव के ही एक शख्स ने 8 लोगों को जहरीली शराब पिलाई। शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

See also  नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में 4 बच्चे भी हुए घायल, गर्दन में गोली फंसने से एक बच्ची का रायपुर में चल रहा है इलाज, कांग्रेस पार्टी ने सरकार पर लगाया ये आरोप

पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। शराब जहरीली थी या पीछे कोई और साजिश, ये जांच रिपोर्ट के बाद साफ होगा। FSL टीम सैंपल जुटा रही है।

एक ही गांव में 5 दिन में 8 मौतों ने प्रशासन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां अवैध शराब या मिलावटी शराब का नेटवर्क तो नहीं? फ़िलहाल रिपोर्ट का इंतजार है।