मनेंद्रगढ़। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में बड़े फर्जीवाड़े का आरोप लगा है। मनेन्द्रगढ़ में 10 फरवरी को हुए सामूहिक विवाह में नवविवाहिताओं को उपहार में चांदी की जगह गिलट यानी नकली धातु की पायल थमा दी गई। वीडियो वायरल होते ही जिले में हड़कंप मच गया। एमसीबी जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह के तहत 189 जोड़ों का विवाह कराया गया था।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कई दुल्हनें हाथ में पायल दिखाकर गुणवत्ता पर सवाल उठा रही हैं। उनका कहना है कि योजना के तहत चांदी की पायल मिलनी थी, लेकिन जांचने पर वह गिलट की निकली।

महिला-बाल विकास विभाग फिर चर्चा में…

यह पूरा मामला महिला एवं बाल विकास विभाग, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर MCB जिले से जुड़ा है। वीडियो सामने आने के बाद विभाग की खरीद प्रक्रिया और सामग्री की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इससे पूर्व भी कई जिलों में विवाह में घटिया सामान भेंट करने और रकम के बदले रिश्वत मांगे जाने के कई मामले उजागर हो चुके हैं।

See also  कांग्रेस का आरोप - "केंद्र अपनी योजनाओं में भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए घोंट रहा है CAG का गला"

अब तक क्या हुआ है..?

इस मामले में अब तक विभाग चुप है। महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। स्थानीय लोगों और पीड़ित महिलाओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

योजना पर उठे सवाल

अगर आरोप सही निकले तो यह सरकार की महत्वपूर्ण सामाजिक योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा साबित होगा। फिलहाल प्रशासन और विभाग के जवाब का इंतजार है।