बेमेतरा। अंतर्जातीय विवाह करने वाले दंपति को सरकारी प्रोत्साहन राशि दिलाने के बदले रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित दंपति ने आरोप लगाया कि अपर कलेक्टर न्यायालय में पदस्थ बाबू ने 2.50 लाख की राशि जारी करने के एवज में 70 हजार रुपये मांगे हैं।

रूपये के लिए बाबू ने बनाया दबाव

दिनेश बंजारे और अंजलि यादव ने बताया कि उनका अंतर्जातीय विवाह हुआ है और उन्हें शासन से प्रोत्साहन राशि मिलनी है। इसके एवज में अपर कलेक्टर के बाबू विनय कुर्रे ने उनसे 70 हजार रूपये मांगे। जब बाबू ने आनाकानी की तब दिनेश 40 हजार रूपये लेने को तैयार हुआ। हालांकि तब भी दिनेश बंजारे ने 20 हजार अभी और बाकी के 20 हजार अगले दिन देने की बात कही, तब विनय कुर्रे तैयार नहीं हुआ और बैंक जाकर तुरंत रूपये निकालकर खुद के भेजे हुए 2 लड़कों के सुपुर्द करने का दबाव बनाया। इस पर भी जब दिनेश बंजारे तैयार नहीं हुआ तब बाबू विनय कुर्रे दिनेश का बैंक खाता लेकर भाग गया।

See also  अमित शाह ने भरी हुंकार, 11 सीट जिताकर मोदी को फिर से बनाना है प्रधानमंत्री

कलेक्टर ने गठित की जांच टीम

इसके बाद दिनेश और अंजलि ने कलेक्टर से मुलाकात कर मामले की शिकायत की। दिनेश ने यह भी बताया कि बाबू ने दूसरे हितग्राहियों से 5-5 हजार रूपये वसूले हैं। इसकी शिकायत मिलते ही कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं एक्शन में आईं। उन्होंने पूरे मामले की जांच के लिए तत्काल चार सदस्यीय टीम गठित कर दी। टीम को निष्पक्ष जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।

एक साल के सभी केस खंगाले जाएंगे

कलेक्टर ने सिर्फ इस शिकायत तक जांच सीमित नहीं रखी है। उन्होंने जिले में बीते एक साल में हुए सभी अंतर्जातीय विवाह प्रकरणों की समीक्षा के आदेश दिए हैं। जांच टीम देखेगी कि पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार लाभ मिला या नहीं और कहीं और गड़बड़ी तो नहीं हुई।

क्या है योजना..?

अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग युवक-युवती से गैर अनुसूचित जाति में शादी करने पर दंपति को 2.50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसका मकसद समाज में जातिगत भेदभाव खत्म करना है।

See also  CG News : नगरीय निकाय चुनाव अब EVM से कराने की तैयारियां शुरू, नियमों में होगा बदलाव

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए गए तो संबंधित बाबू पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई तय है। इस मामले के बाद योजना की पारदर्शिता पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल जांच जारी है।