घरघोड़ा, रायगढ़। जिले के चारमार गांव के पास रेलवे ट्रैक पर बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक हाथी मालगाड़ी से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हाथी के एक पैर में गहरी चोट है और लगातार खून बह रहा है। हाथी के इलाज में जुटे डॉक्टर ने टीआरपी न्यूज को बताया हाथी को काफी चोटें आई हैं और उसकी हालत काफी नाजुक है।

5 हाथियों का दल मौके पर, दहशत

हादसे के बाद घायल हाथी ट्रैक के पास ही पड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि उसके आसपास ही 5 हाथियों का दल इलाके में डटा हुआ है। हाथियों के दल के कारण चारमार और आसपास के गांवों में दहशत है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वन विभाग ने भीड़ न लगाने और दूरी बनाए रखने की अपील की है।

वन अमला मौके पर, इलाज शुरू

इस घटना की सूचना मिलते ही DFO समेत वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घायल हाथी अवयस्क है। 

See also  Baleshwari Temple Dongargarh: नवरात्रि पर डोंगरगढ़ जानें वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे का तोहफा! 30 मार्च से चलेगी स्पेशल ट्रेनें, एक्सप्रेस ट्रेनों का भी होगा ठहराव

देर रात बिलासपुर में पदस्थ संभागीय मुख्य वन संरक्षक मनोज पांडेय अपने साथ पशु चिकित्सक डॉ पी के चंदन को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे, और हाथी के इलाज का काम शुरू किया।  डॉ पी के चंदन ने टीआरपी न्यूज से बातचीत में बताया कि हाथी के पिछले हिस्से में गंभीर चोट है, जिसके कारण वह रेलवे ट्रैक के किनारे गिर गया है। डॉ चंदन के मुताबिक हाथी की हालत काफी गंभीर है और वे उसके इलाज में जुटे हुए हैं।

वन्यजीव सुरक्षा पर फिर सवाल

चारमार की इस घटना ने रेल मार्गों पर वन्यजीव सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हाथियों की मौतें मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता दिखा रही हैं। जानकारी के मुताबिक वन्यजीव वाले इलाकों से गुजरते समय रेलगाड़ियों के गुजरते वक्त स्पीड कम रखे जाने का निर्देश है, मगर लगता है कि दिशा निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है, तभी तो बेजुबान जानवर गाड़ियों की चपेट में आ रहे हैं। बहरहाल घायल हाथी का इलाज जारी है और उसे बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

See also  भाजपा विधायक बृजमोहन ने फिर साधा सरकार पर निशाना, कहा - गौठान के लिए डीएफओ का सस्पेंड होना हास्यास्पद