भिलाई। महादेव सट्टा ऐप से जुड़े भूपेश बघेल के नाम पर वायरल फर्जी इंस्टाग्राम चैट मामले में पुलिस ने दो यूट्यूबर्स पर केस दर्ज कर लिया है। बुधवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भिलाई-3 थाने पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग की।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट वायरल हुआ। दावा था कि महादेव बेटिंग ऐप संचालक सौरभ चंद्राकर के कथित इंस्टा अकाउंट और भूपेश बघेल के नाम वाले यूजर नेम के बीच बात हुई है। चैट में लिखा था — “नंबर भेजो अपना, बात करना चाहते हैं।” इसे आधार बनाकर कुछ यूट्यूब चैनलों ने खबरें चला दीं।

भूपेश बघेल बोले- फोटो फर्जी है

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने इसे पूरी तरह फर्जी बताया। अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया पर लिखा कि सुबह से फोटोशॉप की गई फर्जी तस्वीरों से भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उस यूजरनेम से उनकी कोई बातचीत नहीं हुई।

See also  महिला डॉक्टर को 15 घंटे पुलिस थाने में बिठाया, 2 टीआई पर दर्ज होगा केस

लीगल एक्शन की चेतावनी

बघेल ने कहा कि यह लोगों को गुमराह करने की कोशिश है। फर्जी सामग्री फैलाने वालों की जानकारी उनकी टीम के पास है। लीगल टीम कानूनी कार्रवाई करेगी।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल पुलिस वायरल चैट, संबंधित यूट्यूब चैनलों और पोस्ट करने वालों की भूमिका खंगाल रही है। कांग्रेस नेताओं की शिकायत के आधार पर यूट्यूबर सागर साहू और पुष्पराज सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले से प्रदेश की सियासत गरमा गई है।