बिलासपुर। न्यायधानी में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम सख्त हो गया है। महापौर पूजा विधानी खुद जोन क्रमांक-8 के कोनी स्थित रिवर व्यू कॉलोनी पहुंचीं। शिकायत मिलने पर एक निर्माणाधीन भवन का काम मौके पर ही रुकवा दिया। साथ ही जारी नक्शा तत्काल निरस्त करने का आदेश अधिकारियों को दिया।

शिकायत पर कॉलोनी में पहुंचीं महापौर

पूरा मामला कोनी की रिवर व्यू कॉलोनी का है। यहां एक गली में नियमों के खिलाफ अवैध मकान निर्माण की शिकायत महापौर तक पहुंची थी। गंभीरता देखते हुए महापौर खुद हकीकत जानने मौके पर पहुंचीं और निर्माण का निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान जोन इंजीनियर को तुरंत काम रुकवाने के निर्देश दिए। संबंधित भवन का स्वीकृत नक्शा निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।

दस्तावेज लेकर बुलाया निगम कार्यालय

महापौर ने भवन निर्माता को मकान से जुड़े सभी दस्तावेजों के साथ विकास भवन स्थित नगर निगम कार्यालय में भवन शाखा के इंजीनियर के सामने पेश होने को कहा है। दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

See also  हाथियों का उत्पात जारी, फसल कटाई से पहले ही हाथियों ने कर डाला नुक्सान, दहशत में ग्रामीण

निरीक्षण के दौरान MIC सदस्य श्याम साहू, जोन अध्यक्ष राजेश दुसेजा, पार्षद प्रतिनिधि अमित मिश्रा समेत निगम अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी भी पहुंचे और समस्याएं रखीं। रहवासियों का आरोप था कि गलत निर्माण से कॉलोनी में आवागमन और अन्य व्यवस्थाएं बिगड़ रही थीं।

‘नियमों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’: महापौर

महापौर पूजा विधानी ने कहा कि विकास की आड़ में अनियमितता या अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं होगा। नक्शे के खिलाफ या बिना अनुमति निर्माण पर निगम की नजर है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इंजीनियरों को निगरानी के निर्देश

महापौर ने जोन इंजीनियरों को अपने इलाकों में निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। नियम टूटता दिखे तो शिकायत का इंतजार किए बिना काम रुकवाएं। नियमानुसार कार्रवाई कर रिपोर्ट निगम प्रशासन को सौंपें। महापौर की इस कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।