जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड स्थित बोड़सरा गांव के एक स्कूल से शिक्षक और शिक्षिका का कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस मामले में संबंधित शिक्षिक– शिक्षिका को ब्लैकमेल किए जाने की जानकारी भी सामने आ रही है।
क्या है वायरल वीडियो में
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हुए वीडियो में कथित तौर पर एक शिक्षक और शिक्षिका स्कूल के क्लासरूम में आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद से इलाके में आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
स्कूल जैसे पवित्र स्थान पर इस तरह के व्यवहार को लेकर स्थानीय अभिभावकों और सामाजिक संगठनों में गहरा रोष है। ग्राम बोड़सरा की सरपंच संगीता यादव का कहना है कि इससे बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ता है। उन्होंने दोषी पाए जाने पर शिक्षक-शिक्षिका पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस मामले के तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन हरकत में आया है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि मामले की सच्चाई का पता लगाने के लिए जांच टीम गठित की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की विभागीय कार्रवाई होगी।
संबंधित शिक्षिका पहुंची एसपी ऑफिस
इस मामले का दूसरा पहलू यह है कि वायरल वीडियो में नजर आ रही शिक्षिका ने जांजगीर एसपी से मामले में शिकायत की है और उसका वीडियो बनाकर वायरल करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उधर यह भी जानकारी सामने आ रही है कि जिन लोगों ने चोरी छिपे यह वीडियो बनाया है उन्होंने संबंधितों से पहले रुपयों की डिमांड की, मगर जब बात नहीं बनी तब वीडियो को इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया गया।
बहरहाल सच क्या है इसका खुलासा तो मामले की विस्तृत जांच से हो सकेगा। वैसे यह तय है कि जांच के बाद संबंधित शिक्षक–शिक्षिका पर शिक्षा विभाग की गाज गिरेगी, मगर इस विडियो के वायरल होने के पीछे की कहानी भी क्या सामने आएगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।



