रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) की बरमकेला शाखा में 18.13 करोड़ रुपये के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। बैंक प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए 3 नियमित और 5 आउटसोर्स कर्मचारियों समेत कुल 8 लोगों को नौकरी से निकाल दिया है। मामले की जांच अब आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) करेगी।

अप्रैल 2021 से नवंबर 2024 के बीच हुआ गबन

अपेक्स बैंक के प्राधिकृत अधिकारी केदार नाथ गुप्ता ने बताया कि बरमकेला, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ शाखा में कर्मचारियों ने समितियों के खातों और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) खातों में अनाधिकृत लेन-देन किए। डीएमआर खातों के जरिए नियम विरुद्ध ट्रांजेक्शन कर करीब 18.13 करोड़ रुपये का गबन किया गया। मामले में 4 मई 2025 को थाना बरमकेला में FIR दर्ज कराई जा चुकी है।

शाखा प्रबंधक समेत 8 कर्मचारी बर्खास्त

विशेष ऑडिट और उच्च स्तरीय जांच के बाद बैंक प्रबंधन ने दोषी पाए गए तीन नियमित कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। इनमें शाखा प्रबंधक डीआर वाघमारे, लेखाधिकारी मीनाक्षी मांझी और लिपिक आशीष कुमार पटेल शामिल हैं। 

See also  दंतेवाड़ा में कभी माओवाद चरम पर था, वहां आज है शिक्षा का परचमः पीएम मोदी

इसके अलावा पांच आउटसोर्सिंग कर्मचारियों लिकेश कुमार बैरागी, रमाकांत श्रीवास, अरुण चंद्राकर, खीरदास महंत और बालकृष्ण कर्ष को भी नौकरी से बाहर कर दिया गया है। बैंक ने कहा कि गबन में शामिल कर्मचारियों से नियमानुसार राशि की वसूली की जाएगी। EOW से सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है, जल्द जांच शुरू होगी।

सहकारी बैंकों में पारदर्शिता के लिए नए कदम

गुप्ता ने बताया कि गबन और फर्जी KCC लोन रोकने के लिए नए सॉफ्टवेयर सिस्टम लागू किए गए हैं। अब ई-केसीसी पोर्टल से ऋण वितरण के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है। बैंकिंग निरीक्षण और ऑडिट प्रक्रिया भी सख्त की जा रही है।

1451 समिति प्रबंधकों की भर्ती को मंजूरी, 515 नई पैक्स बनेंगी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर 1451 समिति प्रबंधक पदों की भर्ती को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारी सेवाओं के विस्तार के लिए 515 नई पैक्स समितियों के गठन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

See also  सीरम इंस्टीट्यूट में लगी आग से 5 कर्मचारियों की मौत, जिस प्लांट में लगी आग उसमें शुरू नहीं हुआ था वैक्सीन का उत्पादन

सख्ती से बढ़ा बैंक का मुनाफा

वित्तीय अनियमितताओं पर सख्ती और निगरानी बढ़ाने के बाद अपेक्स बैंक के लाभ में वृद्धि हुई है। वर्ष 2024-25 में बैंक ने 38.99 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था, जो 2025-26 में बढ़कर 40.86 करोड़ रुपये हो गया है।