रायपुर। Mahtari Vandan Yojana Portal: महतारी वंदन योजना को लेकर छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए खुशखबरी है, जो अब तक इस स्कीम से नहीं जुड़ पाई थीं। सरकार अब पोर्टल दोबारा खोलने की पूरी तैयारी कर चुकी है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इस पर मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री की हरी झंडी मिलते ही अब बस कुछ दिनों का इंतजार और है। अगले एक हफ्ते के अंदर पोर्टल फिर से खुल जाएगा।

बस्तर से शुरू होगी नई प्रक्रिया

सरकार इस बार जल्दबाजी के मूड में नहीं है। काम पूरी प्लानिंग के साथ होगा। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि पोर्टल को स्टेप-बाय-स्टेप खोला जाएगा। सबसे पहले बस्तर संभाग के जिलों में आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद धीरे-धीरे बाकी संभागों में भी पोर्टल को एक्टिव कर दिया जाएगा।

क्यों बंद था पोर्टल?

योजना के शुरू होने के बाद बहुत सी पात्र महिलाएं किन्हीं तकनीकी कारणों या दस्तावेजों की कमी के चलते आवेदन नहीं कर पाई थीं। इन महिलाओं की लगातार मांग थी कि सरकार उन्हें एक और मौका दे। अब सरकार ने उनकी गुहार सुन ली है। इस पहल का सीधा असर उन परिवारों पर पड़ेगा जिन्हें आर्थिक मदद का इंतजार था।

See also  Chhattisgarh Weather Forecast: अगले दो दिनों नहीं मिलेगी बारिश, ठंड से निजात

महतारी वंदन योजना के आवेदन से पहले ये रखें तैयार

पोर्टल खुलते ही भीड़ बढ़ने की पूरी संभावना है। इसलिए अभी से अपने जरूरी कागजात तैयार रखें। इसमें मुख्य रूप से ये चीजें जरूरी होंगी

  • आधार कार्ड (अपडेटेड)
  • विवाह प्रमाण पत्र या राशन कार्ड
  • बैंक खाते की जानकारी (जो आधार से लिंक हो)
  • निवास प्रमाण पत्र

सरकार जल्द ही नए दिशा-निर्देश जारी करेगी। आप अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र या फिर सीधे ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन कर पाएंगे। ये मौका उन महिलाओं के लिए है जो अब तक इस योजना के लाभ से वंचित रही हैं।