रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इथेनॉल प्लांट परियोजना में करोड़ों का फर्जीवाड़ा सामने आया है। दिल्ली की कंपनी Ben and Gaws Pvt. Ltd. पर सामान सप्लाई के नाम पर फर्जी इनवॉयस देकर 1 करोड़ 48 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने कंपनी संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नवदुर्गा फ्यूल में लग रहा था इथेनॉल प्लांट

जानकारी के अनुसार, नवदुर्गा फ्यूल प्राइवेट लिमिटेड में 100 KLPD ग्रेन बेस्ड इथेनॉल प्लांट स्थापित किया जा रहा था। इसके लिए 75 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले ग्रेन स्टोरेज साइलो की जरूरत थी। 

कंसल्टेंट के जरिए दिल्ली की कंपनी से हुआ संपर्क

इसी दौरान कंसल्टेंट के माध्यम से दिल्ली की कंपनी Ben and Gaws Pvt. Ltd. से संपर्क हुआ। कंपनी ने कम कीमत पर सामान उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। 

2.17 करोड़ का भुगतान, भेजा सिर्फ 68 लाख का माल

समझौते के बाद 20 अप्रैल 2024 को 2.97 करोड़ रुपए का परचेज ऑर्डर जारी हुआ। कंपनी ने अलग-अलग किस्तों में RTGS के जरिए 2 करोड़ 17 लाख 55 हजार रुपये का भुगतान कर दिया। लेकिन इसके बदले कंपनी ने केवल 68 लाख 90 हजार रुपये का ही सामान भेजा।

See also  तमाम कोशिशों के बावजूद छत्तीसगढ़ में नहीं थम रही कोरोना की रफ्तार, रायगढ़ बना हॉटस्पाट

फर्जी इनवॉयस और बाउंस चेक से खुला फर्जीवाड़ा

शेष राशि के लिए कंपनी ने 1 करोड़ 48 लाख 50 हजार रुपये का फर्जी बिल जारी कर दावा किया कि पूरा माल भेज दिया गया है, लेकिन कई दिनों तक सामान नहीं पहुंचा। बाद में 1.48 करोड़ रुपये का दिया गया चेक भी बैंक में फंड न होने के कारण बाउंस हो गया। इसके बाद धोखाधड़ी का शक पुख्ता हुआ। 

शिकायत के आधार पर पूंजीपथरा थाना पुलिस ने Ben and Gaws Pvt. Ltd. के संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।