Heavy monsoon rainfall causing waterlogging on streets in Bilaspur Chhattisgarh
Rainwater accumulates on roads after record breaking rainfall hits Chhattisgarh districts.

टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में पिछले दो दिनों से लोग भीषण गर्मी और चिपचिपी उमस से बेहाल हैं. कूलर और पंखे भी इस उमस के आगे फेल साबित हो रहे हैं. हालांकि, मौसम विभाग ने राहत की बड़ी खबर दी है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 27 जून से पूरे छत्तीसगढ़ में पानी गिरने की रफ्तार तेज होने वाली है. अगले 3 से 4 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य के बचे हुए हिस्सों को भी पूरी तरह से कवर कर लेगा, जिससे लोगों को इस झुलसाने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी. बीते 24 घंटों में प्रदेश के कुछ इलाकों जैसे कुसमी, बस्तर और बलरामपुर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है.

समुद्र में बना हवा का घेरा, जानिए क्या है मौसम बदलने की वजह

मौसम के इस बदलाव को आसान भाषा में समझें तो इस समय हवा का एक बड़ा चक्रवात यानी गोल घेरा (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है. इसके साथ ही दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर भी हवा का एक और चक्रवाती घेरा सक्रिय है. इसके अलावा, राजस्थान से लेकर बिहार तक हवा की एक कम दबाव वाली पट्टी (द्रोणिका) गुजर रही है. इन सब मौसमी सिस्टम की वजह से समुद्र से भारी मात्रा में नमी आ रही है, जो बारिश वाले बादलों को अपनी तरफ खींच रही है. इसी वजह से 26 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना बनी हुई है.

See also  Weather Alert: आने वाला है जोवाड़ चक्रवाती तूफान, चार दिसंबर तटवर्ती आंध्र और ओडिशा से टकराएगा, कई राज्‍यों में भारी बारिश का अनुमान

रायपुर में आज कैसा रहेगा मिजाज, तापमान में आएगी गिरावट

राजधानी रायपुर में आज दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी. मौसम विभाग ने शाम तक गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई है. आज शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बारिश शुरू होने के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आएगी और उमस का असर पूरी तरह खत्म हो जाएगा.