रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि देश में ‘अघोषित आपातकाल’ जैसी स्थिति बनाई जा रही है। भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। 

‘संगठन सृजन अभियान’ से कांग्रेस को मजबूत कर रहे’

वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी के जमीनी ढांचे को मजबूत करने के लिए कांग्रेस देशभर में ‘संगठन सृजन अभियान’ चला रही है। अब तक नौ राज्यों में यह कार्यक्रम हो चुका है और बाकी राज्यों में भी लागू किया जाएगा।

‘इतिहास बदलने में लगी सरकार, NEET में फेल’

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी केवल विभाजनकारी राजनीति में रुचि रखती है और इतिहास को विकृत करने का प्रयास कर रही है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि सरकार नीट जैसी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं कर पा रही, लेकिन इतिहास बदलने में लगी है।

See also  कोरोना: महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 41 मामलों की पुष्टि, देशभर में 54 हजार लोग निगरानी में

‘विपक्षी नेताओं को बनाया जा रहा निशाना’

मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन किस आधार पर निरस्त किया गया, यह स्पष्ट नहीं है। उनके खिलाफ कोई मामला नहीं था। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी नेताओं और सांसदों को निशाना बनाया जा रहा है।

‘400 पार का नारा फेल, अब सांसद तोड़ रही BJP’

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भाजपा 400 पार का नारा देने के बावजूद बहुमत हासिल नहीं कर सकी और अब राजनीतिक दलों के सांसदों को तोड़कर एजेंडा आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है। केंद्र सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है।

‘राम मंदिर पर PM दें जवाब, धर्म का राजनीतिक इस्तेमाल’

राम मंदिर और धार्मिक मुद्दों पर भाजपा की आलोचना करते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि मंदिर निर्माण और उससे जुड़े मामलों पर PM नरेंद्र मोदी को जवाब देना चाहिए। भाजपा धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक लाभ ले रही है।

See also  लॉकडाउन के बीच पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों का तबादला, देखें लिस्ट

MP के CM मोहन यादव पर भी लगाए आरोप

मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव पर हमला बोलते हुए वेणुगोपाल ने उन पर भूमि संबंधी अनियमितताओं के आरोप लगाए। कहा कि भाजपा को इन आरोपों का जवाब देना चाहिए। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है।

उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी, महंगाई और परीक्षा घोटालों से जनता परेशान है, लेकिन सरकार ध्यान भटकाने में लगी है। कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।