जांजगीर-चांपा। जिले में रविवार की सुबह भारतमाला रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों की मौत हो गई। बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी-कोरबी के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने तीनों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि मौके पर ही मौत
पुलिस के अनुसार, ग्राम डोंगरी-कोरबी निवासी दिलहरण दास वैष्णव (62), केदार बरेट (52) और संतु यादव (70) रोज की तरह रविवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान भारतमाला रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, टीम गठित
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। बलौदा थाना पुलिस ने पहुंचकर तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।



